टोंक शहर में एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया है। बिजली उपकरण व्यवसायी पवन कुमार गर्ग की हत्या के पीछे कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि उसका करीबी दोस्त निकला। लाखों रुपये के कर्ज और आर्थिक तंगी ने दोस्ती को खून के रिश्ते में बदल दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लूटे गए सोने के जेवर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
बड़ा कुआं हत्याकांड की गुत्थी सुलझी
टोंक शहर के बड़ा कुआं क्षेत्र में 19 जून की रात हुई बिजली व्यवसायी पवन कुमार गर्ग की हत्या की गुत्थी को कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने सुलझा लिया है। पुलिस के अनुसार यह हत्या किसी रंजिश या गैंगवार का परिणाम नहीं थी, बल्कि आर्थिक संकट में फंसे एक दोस्त की सुनियोजित साजिश का नतीजा थी।
56 लाख के कर्ज में डूबा था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राकेश ताम्बी करीब 11 लोगों से लगभग 56 लाख रुपये ब्याज पर उधार ले चुका था। लगातार बढ़ते कर्ज और आर्थिक दबाव के कारण वह गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहा था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने मित्र पवन कुमार गर्ग से करीब 15 दिन पहले 5 लाख रुपये उधार मांगे थे, लेकिन पवन कुमार ने रकम देने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रच डाली।
शराब पार्टी के बाद कुल्हाड़ी से किया हमला
पुलिस के अनुसार वारदात वाली रात आरोपी चेहरे को ढंककर कुल्हाड़ी और रस्सी लेकर मृतक की दुकान के ऊपर बने कमरे में पहुंचा। वहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। मौका मिलते ही आरोपी ने पीछे से कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर पवन कुमार की हत्या कर दी।
पहचान मिटाने के लिए गले में डाला फंदा
हत्या के बाद आरोपी ने यह सुनिश्चित करने के लिए कि पीड़ित जीवित न बचे, उसके गले में रस्सी का फंदा डाल दिया। पुलिस के अनुसार यह वारदात पूरी तरह योजनाबद्ध थी।हत्या करने के बाद आरोपी मृतक के शरीर पर पहनी हुई सोने की चेन और सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और पारंपरिक अनुसंधान के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और घटना के 36 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें:
कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई मेडिकल प्रवेश की सबसे बड़ी परीक्षा, छात्रों ने फिर दिखाई हौसले की मिसाल
पुलिस ने बरामद किए जेवर और बाइक
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई सोने की चेन, सोने की अंगूठी और वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और रस्सी की बरामदगी के प्रयास अभी जारी हैं। इस पूरे ऑपरेशन को पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव तथा वृत्ताधिकारी मृत्युंजय मिश्रा के सुपरविजन में कोतवाली थाना, डीएसटी, साइबर सेल, एमआईयू और एफएसएल टीम ने अंजाम दिया।