राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा आज उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और पाली दौरे पर रहे। उदयपुर पहुंचकर उन्होंने मेवाड़ राजघराने के वरिष्ठ सदस्य दिवंगत अरविंद सिंह मेवाड़ को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सिटी पैलेस में श्रद्धांजलि अर्पण
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा दोपहर लगभग 11 बजे उदयपुर के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे सिटी पैलेस पहुँचे, जहां उन्होंने हाल ही में दिवंगत हुए अरविंद सिंह मेवाड़ को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने मेवाड़ राजघराने के सदस्यों से भेंट कर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की।
पढ़ें: परीक्षा देने पहुंची महिला कांस्टेबल के पास मिले दो आधार कार्ड, मुकदमा हुआ दर्ज; जानें पूरा मामला
मुख्यमंत्री ने अरविंद सिंह मेवाड़ के पुत्र डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से मुलाकात की और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, "अरविंद सिंह मेवाड़ न केवल मेवाड़ के इतिहास का गौरवशाली हिस्सा थे, बल्कि उन्होंने मेवाड़ की संस्कृति, परंपरा और धरोहर को सहेजने में अतुलनीय योगदान दिया। उनका निधन अपूरणीय क्षति है।"
चित्तौड़गढ़ और पाली के लिए प्रस्थान
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री चित्तौड़गढ़ के लिए रवाना हुए, जहां फतह प्रकाश महल में आयोजित जौहर संस्थान के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे पाली के लिए प्रस्थान करेंगे, जहाँ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और जनप्रतिनिधियों व पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को मेवाड़ राजघराने और उदयपुर की जनता ने सम्मान और संवेदनशीलता के प्रतीक के रूप में देखा। उनके सिटी पैलेस आगमन को दिवंगत अरविंद सिंह मेवाड़ के प्रति श्रद्धा और परिवार के प्रति संवेदना के रूप में सराहा गया।