शहर के कपिल विहार इलाके में स्कॉर्पियो से कुचलकर 52 वर्षीय उर्मिला कंवर की मौत के मामले में नए वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो के बाद जांच में नया मोड़ आ गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला के घर पर हमले से पहले दूसरे गुट के लोगों ने आरोपियों के घर और कार रेंटल ऑफिस में तोड़फोड़ और पथराव किया था। इसके बाद बदला लेने की नीयत से 20 से 25 बदमाश स्कॉर्पियो और दो थार समेत कई वाहनों में सवार होकर कपिल विहार पहुंचे।
हमले के दौरान शोर सुनकर उर्मिला कंवर घर से बाहर आईं और बदमाशों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने वाहन नहीं रोका और उन्हें कुचलते हुए करीब 7 से 8 फीट तक घसीट दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उनका बेटा दिव्यराज सिंह घर पर मौजूद नहीं था।
पहले हुई थी घर और ऑफिस में तोड़फोड़
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दिव्यराज सिंह के दोस्तों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सवीना कृषि मंडी स्थित एक कार रेंटल ऑफिस में तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा बेड़वास क्षेत्र में एक घर पर भी हमला किया गया। बताया जा रहा है कि इसी घटना का बदला लेने के लिए दूसरा गुट शुक्रवार शाम कपिल विहार पहुंचा और दिव्यराज सिंह के घर पर हमला कर दिया। इसी दौरान उर्मिला कंवर की स्कॉर्पियो से कुचलकर मौत हो गई।
20 से 25 बदमाशों ने मचाया उत्पात
जानकारी के अनुसार, करीब 20 से 25 बदमाश कई वाहनों में सवार होकर पहुंचे और इलाके में जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि उन्होंने कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की। इसी दौरान उर्मिला कंवर ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन स्कॉर्पियो की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।
पढ़ें: दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल जोधपुर रेफर
प्रदर्शन में अवैध वसूली के आरोप
महिला की मौत के विरोध में शनिवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि विवाद में शामिल कुछ लोग कार रेंटल के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली का नेटवर्क चला रहे हैं। आरोप है कि नाबालिगों को भी किराये पर गाड़ियां दी जाती हैं और वाहन लौटाने पर मामूली स्क्रैच या अन्य कमी बताकर ग्राहकों से डराकर पैसे वसूले जाते हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।
पुलिस जुटा रही वीडियो और CCTV फुटेज
ऑपुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल और आसपास के वीडियो तथा सीसीटीवी फुटेज जुटाने शुरू कर दिए हैं। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद, तोड़फोड़ और महिला की मौत के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विवाद की शुरुआत किस कारण हुई और पहले हमला किस पक्ष ने किया।