{"_id":"6a2dff2a620ba45af90d7483","slug":"video-four-people-injured-after-vehicle-falls-into-a-gorge-in-bageshwar-2026-06-14","type":"video","status":"publish","title_hn":"Bageshwar: अनियंत्रित होकर 25 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, मां-बेटे समेत चार लोग घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bageshwar: अनियंत्रित होकर 25 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, मां-बेटे समेत चार लोग घायल
बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र के अंतर्गत लमचुला-गनीगांव मोटर मार्ग पर सोमवार अपराह्न एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में वाहन में सवार मां-बेटे और चालक समेत चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और निजी वाहनों से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब दो बजे बोलेरो टैक्सी संख्या- यूके 02 टीए 1211 गरुड़ टैक्सी स्टैंड से सवारियों को लेकर गनीगांव के लिए रवाना हुई थी। अपराह्न करीब 3:30 बजे लमचुला-गनीगांव मोटर मार्ग पर गनीगांव जखेड़ा के समीप पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल जानकी नेगी (49) पत्नी मोहन सिंह वर्तमान में उम्मेदपुर देहरादून में रहती हैं। वह अपने पुत्र कार्तिक नेगी (19) के साथ अपने मायके गनीगांव आ रही थीं। उनके अलावा वाहन में सवार गनीगांव निवासी रघुवीर सिंह (40) पुत्र भाग चंद्र सिंह, वाहन चालक रवींद्र सिंह (37) पुत्र बलवंत सिंह, निवासी गनीगांव को भी चोटें आई हैं। ग्रामीणों की सजगता से सभी को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सीएमएस डॉ. तपन कुमार शर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने घायलों का उपचार किया। हादसे में देहरादून निवासी कार्तिक नेगी के पैर, कमर और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। जानकी नेगी, रघुवीर सिंह और चालक रवींद्र सिंह के हाथ-पैर व बदन में चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कर वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही बैजनाथ थाने के कोतवाल कैलाश नेगी तुरंत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि लमचूला-गनीगांव मोटर ग्रामीण मार्ग है वर्तमान में इस पर निर्माण कार्य चल रहा है। प्राथमिक जांच के अनुसार गनीगांव जखेड़ा के पास अचानक गाड़ी का टायर एक बड़े पत्थर पर चढ़ गया, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सीधे खाई में जा गिरी।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।