Bihar: NEET छात्रा केस के बाद जहानाबाद में फिर सनसनी, दो सगी बहनें रहस्यमय ढंग से लापता; परिजन परेशान
Bihar: जहानाबाद के परस बीघा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव से 16 फरवरी को दो सगी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। चार दिन बाद भी सुराग नहीं मिला। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है।
विस्तार
जहानाबाद जिले में युवतियों के लापता होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में एक NEET छात्रा की संदिग्ध मौत की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि अब जहानाबाद के परस बीघा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव से दो सगी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार 16 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे दोनों बहनें घर से निकली थीं। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने आसपास के खेत-खलिहानों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
पढ़ें: संजय सरावगी के घर पहुंचीं मंत्री श्रेयसी सिंह, मां के निधन पर दी श्रद्धांजलि; रामकृपाल यादव भी मौजूद
इसके बाद मां ने परस बीघा थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देते हुए दोनों बेटियों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर उन्हें अपने साथ ले गया है। मां का कहना है कि उनकी बेटियां बिना बताए कभी घर से बाहर नहीं जाती थीं।
ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत है। उनका कहना है कि जिले में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर जांच जारी है।