Accident Today: अनियंत्रित बाइक रेलिंग से टकराई, युवक की मौत; कारू बाबा स्थान से पूजा कर लौटते समय हुआ हादसा
Saharsa News: सहरसा के बलवाहाट थाना क्षेत्र में कारू बाबा स्थान से लौट रहे युवक की बाइक रेलिंग से टकरा गई, जिससे 20 वर्षीय सुमोद कुमार की मौके पर मौत हो गई। एक दोस्त घायल हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की है।
विस्तार
सहरसा जिले में सोमवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बलवाहाट थाना क्षेत्र के अंधरी-बलवाहाट मार्ग पर सतरस पुल के समीप एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक कारू बाबा स्थान से पूजा-अर्चना कर लौट रहे थे।
रेलिंग से टकराई तेज रफ्तार बाइक
परिजनों के अनुसार, बलवाहाट थाना क्षेत्र के भौटिया गांव (वार्ड संख्या 1) निवासी मोती सदा का 20 वर्षीय बेटा सुमोद कुमार सोमवार को अपने 19 वर्षीय दोस्त अजय सदा के साथ बाइक से कारू बाबा स्थान गया था। शाम को पूजा करने के बाद दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सतरस पुल के आगे सड़क किनारे लगी रेलिंग से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमोद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बलवाहाट की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और घायल अजय सदा को सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया गया।
पढ़ें- Bihar: बिहार से लाखों का इनामी ‘नूर’ गिरफ्तार, जाली नोट रैकेट से जुड़ा होने का आरोप; क्या है नेपाल कनेक्शन?
एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी
घटना की सूचना मिलते ही भौटिया गांव में शोक का माहौल फैल गया। परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। बताया गया कि सुमोद की शादी महज एक वर्ष पूर्व आरती देवी के साथ हुई थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पत्नी आरती का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार दलबल के साथ मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.