Bihar: प्यार, धोखा और अपहरण; इंस्टाग्राम की दोस्त निकली किडनैपिंग गैंग की बॉस, बॉयफ्रेंड संग रचा प्लान
Bihar: नालंदा में 22 वर्षीय युवक के अपहरण के मामले का पुलिस ने महज 6 घंटे में खुलासा कर दिया। अपहृत को सकुशल बरामद करते हुए पुलिस ने साजिश की मास्टरमाइंड संध्या कुमारी को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम के जरिए बने प्रेम संबंध के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फिरौती के लिए अपहरण की साजिश रची थी।
विस्तार
नालंदा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण के एक सनसनीखेज मामले का महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद करने के साथ ही इस साजिश में शामिल एक मुख्य अभियुक्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की शुरुआत और अपहरण की सूचना
राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि घटनाक्रम की शुरुआत 29 अप्रैल की रात करीब 10:00 बजे हुई, जब पावापुरी थाना को सूचना मिली कि चोरसुआ मोड़ के पास से 22 वर्षीय विक्रम कुमार का अपहरण कर लिया गया है। शेखपुरा जिले के पांची निवासी विक्रम के पिता सागर रविदास से अपहरणकर्ताओं ने रिहाई के बदले 6 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया।
लोकेशन ट्रेस और पहली छापेमारी
जिला आसूचना इकाई की मदद से जब अपहरणकर्ताओं के मोबाइल का लोकेशन ट्रेस किया गया, तो वह पंचाने नदी के पास मिला। हालांकि, पहली छापेमारी में पुलिस के हाथ खाली रहे, लेकिन अपहरणकर्ता लगातार फोन कर फिरौती की मांग करते रहे।
पुलिस का जाल और युवक की बरामदगी
पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए जाल बिछाया और अपहृत के पिता का पीछा करते हुए उस स्थान तक पहुंची, जहां अपहरणकर्ताओं ने उन्हें बुलाया था। पुलिस की बढ़ती दबिश को देखते हुए घबराए अपराधी विक्रम कुमार को पावापुरी फ्लाईओवर के पास छोड़कर भाग निकले।
पूछताछ में प्रेम प्रसंग का खुलासा
बरामदगी के बाद जब पुलिस ने विक्रम से पूछताछ की, तो मामले में एक प्रेम प्रसंग का खुलासा हुआ। पता चला कि विक्रम इंस्टाग्राम के जरिए चोरसुआ की रहने वाली संध्या कुमारी से बातचीत करता था।
मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी और साजिश का खुलासा
पुलिस ने जब संदेह के आधार पर संध्या कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। संध्या ने बताया कि उसने अपने बॉयफ्रेंड राजा गोप, सोनू उर्फ नटु और अन्य साथियों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को रचा था।
ये भी पढ़ें: दो मई से बिहार बोर्ड की मैट्रिक और इंटर की कम्पार्टमेंटल परीक्षा, आनंद किशोर ने दी सारी जानकारी
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस ने इस मामले में पावापुरी थाना में कांड दर्ज करते हुए संध्या कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी राजा गोप और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस सफल ऑपरेशन में राजगीर, गिरियक, कतरीसराय, नालंदा और सिलाव के थाना अध्यक्षों सहित सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
