Bihar Election : '...वो सिर्फ सत्ता की मलाई खाने के लिए किसी भी पार्टी में शामिल हो सकते हैं', JDU ने कसा तंज
Purnia News : मनीष मंडल ने आरोप लगाया कि संतोष कुशवाहा सिर्फ सत्ता की मलाई खाने के लालच में कभी भी किसी भी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुशवाहा ने नीतीश कुमार और एनडीए का साथ छोड़कर लालू यादव की गोद में जाकर बैठने का काम किया है।
विस्तार
पूर्णिया में जदयू के नेताओं ने पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा पर तीखा हमला बोला है और उन पर अवसरवादी राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया है। धमदाहा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जदयू के प्रदेश मीडिया सेल अध्यक्ष मनीष मंडल ने कुशवाहा का पार्टी छोड़कर विरोधी खेमे में जाने का फैसला शर्मनाक बताया।
मंडल ने कहा कि पूर्व सांसद द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी नेतृत्व पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पार्टी नेतृत्व को संतोष कुशवाहा पर भरोसा नहीं था, तो उन्हें बार-बार टिकट क्यों दिया जाता? मंडल ने कहा कि पार्टी ने हमेशा उन पर विश्वास जताया, लेकिन अब संगठन पर आरोप लगाना उनकी 'अफसरशाही मानसिकता' को दिखाता है।
'लालू यादव की गोद में जाकर बैठने का काम किया'
मनीष मंडल ने आरोप लगाया कि संतोष कुशवाहा सिर्फ सत्ता की मलाई खाने के लालच में कभी भी किसी भी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुशवाहा ने नीतीश कुमार और एनडीए का साथ छोड़कर लालू यादव की गोद में जाकर बैठने का काम किया है। इस कदम से उन्होंने बिहार के कुशवाहा समाज का अपमान किया है। जदयू नेताओं ने यह भी कहा कि संतोष कुशवाहा धमदाहा की वर्तमान विधायक लेसी सिंह के आभारी हैं, क्योंकि उन्होंने ही कई बार उन्हें टिकट दिलाने में मदद की थी। इसके बावजूद अब वह उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, जो उनकी कृतघ्नता को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें- Live Bihar Election 2025 Live: जनसुराज ने जारी की प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट, सुजीत कुमार भाजपा में शामिल
'जनता अवसरवादी राजनीति के लिए सबक सिखाएगी'
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जदयू प्रखंड अध्यक्ष शंभु जयसवाल ने भी संतोष कुशवाहा पर हमला करते हुए कहा कि उनकी राजनीति अब खत्म हो चुकी है। मनीष मंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि धमदाहा की जनता इस बार संतोष कुशवाहा को उनकी अवसरवादी राजनीति के लिए सबक सिखाएगी। इस दौरान जदयू नेता प्रशांत झा, नीरज कुमार मेहता, सुनील मेहता, अरविंद कुमार मेहता और छोटी राय समेत कई अन्य नेता मौजूद थे।