सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Chief Minister Yogi said this at the inauguration ceremony of the multi-level parking complex built in Bandhu Singh Park.

Gorakhpur News: स्मार्ट सिटी के विजन के अनुरूप बढ़ रहा आज का गोरखपुर

Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Mon, 06 Apr 2026 02:42 AM IST
विज्ञापन
Chief Minister Yogi said this at the inauguration ceremony of the multi-level parking complex built in Bandhu Singh Park.
विज्ञापन
- बोले- विरासत गलियारा की सड़क सबसे खूबसूरत होगी और यहां होगी फिल्मों की शूटिंग
Trending Videos


अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का गोरखपुर स्मार्ट विजन के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। घंटाघर क्षेत्र में विरासत गलियारा के निर्माण और मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स से जाम की समस्या का समाधान हुआ है। जब आवागमन सुगम होगा तो व्यापार में भी समृद्धि आएगी।
सीएम योगी रविवार को बंधु सिंह पार्क में बने मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स के साथ घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विरासत गलियारा बनकर तैयार होगा तो यहां की सड़क सबसे खूबसूरत होगी और यहां फिल्मों की शूटिंग भी होगी। जब विरासत गलियारा बन जाएगा तब यहां भव्य रोड शो की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स में भी विरासत गलियारा के प्रभावित दुकानदारों को जगह दी गई है। जो शेष रह जाएंगे उनकाे पांडेयहाता के कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में व्यवस्थित पुनर्वास कराया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन




नौ साल में नहीं लगाया कोई नया टैक्स

सीएम योगी ने कहा कि नौ साल में उनकी सरकार ने कोई भी नया टैक्स नहीं लगाया। इसके बावजूद प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना बढ़ाया गया है। उन्होंने नगर निगम को हिदायत दी कि कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में व्यापारियों से अधिक किराया न लिया जाए। उतना ही किराया तय किया जाए, जितना व्यापारी आसानी से दे सकें। उन्होंने कहा कि जीआईएस सर्वे को लेकर भी उन्होंने अधिक टैक्स न लेने और अधिक लिए गए रुपये के समायोजन के निर्देश दिए हैं। जब टैक्स का पैसा विकास और वेलफेयर की योजनाओं में खर्च होगा तो समृद्धि आएगी।




चिलुआताल में बनेगा फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्लांट

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्लांट की स्थापना की मंजूरी दी है। यहां 20 मेगावाट बिजली पैदा होगी जिसका इस्तेमाल सोलर लाइट में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गोरखपुर सोलर सिटी के रूप में भी विकसित होगा। उन्होंने कहा कि गोड़धोइया नाला परियोजना भी जल्द पूर्ण होकर विकास का मॉडल बनेगा। मुख्यमंत्री में चार विश्वविद्यालय, नाइलिट, कई पॉलिटेक्निक, आईटीआई का उल्लेख करते हुए बताया कि एमपीआईटी में पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी बनकर तैयार है। 15 अप्रैल को इसके शुभारंभ अवसर पर टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन भी गोरखपुर आएंगे।




आजादी की लड़ाई का साक्षी है घंटाघर

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य के लोकार्पण के अवसर पर कहा कि यह घंटाघर क्षेत्र आजादी की लड़ाई का साक्षी है। यह बता सकता है कि आजादी की क्या कीमत होती है। इसने पीढ़ियों को बदलते देखा है। यह प्रेरणा और गर्व का केंद्र है। इसके संरक्षण की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है। सांसद रविकिशन शुक्ल, मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव,विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, पूर्व महापौर सीताराम जायसवाल, अंजू चौधरी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, सर्राफा मंडल के गणेश वर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

-

सीएम ने रखी नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला

मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पांडेयहाता (विरासत गलियारा) में नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी। उन्होंने विधि विधान से भूमि पूजन किया और इसके बाद निर्माण के लिए पहली ईंट रखी। सीएम ने कॉम्प्लेक्स के ड्राइंग मैप का भी अवलोकन किया और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। शिलान्यास स्थल से लेकर लोकार्पण स्थल तक लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया।



वंदे मातरम के सामूहिक गायन में शामिल हुए सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम ऐतिहासिक गौरवगाथा के जीवंत प्रतीक घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वह यहां आयोजित सामूहिक वंदे मातरम के गायन में भी सम्मिलित हुए। घंटाघर के साथ स्वतंत्रता आंदोलन की यादें जुड़ी हैं। आज जिस स्थान पर घंटाघर है, वहां देश के प्रथम स्वातंत्र्य समर के दौरान एक विशाल पाकड़ का वृक्ष हुआ करता था। इसी वृक्ष पर आजादी की पहली लड़ाई में कई स्वतंत्रता सेनानियों को फांसी दी गई थी। 19 दिसंबर 1927 को काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक पंडित रामप्रसाद बिस्मिल को जब गोरखपुर कारागार में फांसी दी गई थी, उनकी शवयात्रा घंटाघर में आकर रुकी थी। तब बिस्मिल की माता ने यहां एक प्रेरक उद्बोधन दिया था। मीनार की तरह ऊंची इमारत के रूप में घंटाघर के निर्माण का वर्ष 1930 में रायगंज के सेठ राम खेलावन और सेठ ठाकुर प्रसाद ने कराया था। इमारत पर घंटे वाली एक घड़ी लगाई गई जिसकी वजह से यह घंटाघर के नाम से प्रसिद्ध हो गई। इमारत के निचले हिस्से पर पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के बलिदान की याद दिलाती चित्रकारी उकेरी गई है।



शीतला माता मंदिर में सीएम योगी ने की पूजा

मुख्यमंत्री ने घंटाघर के अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स में भूतल पर अवस्थित किए गए शीतला माता मंदिर में विधि विधान से दर्शन, पूजन किया। कॉम्प्लेक्स निर्माण के दौरान इस मंदिर को और भी सुव्यवस्थित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पार्किंग कॉम्प्लेक्स में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानी बंधु सिंह और काकोरी ट्रेन एक्शन के अमर सेनानी पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की मूर्ति का अनावरण भी किया।


सीएम ने कॉम्प्लेक्स के नव आवंटियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भ्रमण कर वहां पार्किंग सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। कॉम्प्लेक्स की दीवारों पर विरासत को सहेजने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े प्रसंगों को देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। लोकार्पण समारोह के दौरान मंच से मुख्यमंत्री ने कॉम्प्लेक्स में बनी दुकानों के लिए नव आवंटियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed