{"_id":"69b32cb98d9af42fbc023b1e","slug":"the-victims-mother-filed-an-fir-at-the-ramgarhtal-police-station-alleging-pressure-to-settle-the-case-gorakhpur-news-c-7-1-gkp1006-1256388-2026-03-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"हुक्का बार प्रकरण : दुष्कर्म पीड़िता और उसकी बहन का अपहरण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हुक्का बार प्रकरण : दुष्कर्म पीड़िता और उसकी बहन का अपहरण
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
रामगढ़ताल थाने में पीड़िता की मां ने दर्ज कराई प्राथमिकी, मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने का आरोप
10 मार्च से लापता हैं दोनों बहनें, पड़ोस में रहने वाली लड़कियों पर जताया शक
गोरखपुर। शहर में हुक्का बार की आड़ में सामूहिक दुष्कर्म का मामला अब और ज्यादा खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। आरोप है कि पीड़िता और उसकी छोटी बहन का अपहरण कर लिया गया है। पीड़िता की मां ने पड़ोस में रहने वाली कुछ लड़कियों पर शक जताते हुए आरोप लगाया कि वे मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रही थीं। जब बात नहीं मानी, तब आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दे दिया। रामगढ़ताल थाना पुलिस ने अज्ञात लड़कियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि पूर्व में सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई में उनकी बेटी गवाही न दे, इसके लिए आरोपियों ने दबाव बनाना शुरू किया। तहरीर में पीड़िता की मां ने लिखा कि कुछ समय से तीन-चार लड़कियां उनके पड़ोस में किराए पर रह रही थीं। धीरे-धीरे उन्होंने बेटियों से दोस्ती बढ़ाई और घर आने लगीं। तीन दिन पहले ये लड़कियां उनकी दोनों बेटियों को अपने साथ ले गईं, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
विज्ञापन
विज्ञापन
मां का आरोप है कि साजिश के तहत इन लड़कियों को पड़ोस में रखा गया। मामले में पहले से ही होटल व हुक्का बार संचालक समझौता करने का दबाव बना रहे थे लेकिन पीड़िता के परिवार ने विरोध किया। पहले की जांच में सामूहिक दुष्कर्म, देह व्यापार और पॉक्सो एक्ट के तहत 18 से अधिक लोगों को जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पुलिस मोबाइल लोकेशन, सर्विलांस और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। जमानत पर छूटे आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों लड़कियों को खोजा जा रहा है।
होटलों में हुक्काबार की आड़ में चल रहा था देह व्यापार का रैकेट
नाबालिग लड़कियों के बयान पर खुला था खेल और दर्ज हुआ था सामूहिक दुष्कर्म का केस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रामगढ़ताल इलाके की एक नाबालिग लड़की के साथ शाहपुर क्षेत्र के फ्लाई इन वन होटल के हुक्का बार में सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। दो जनवरी 2025 को इस मामले में केस दर्ज किया गया। नौ जनवरी को पुलिस ने होटल पर छापा मारा तो बड़े स्तर पर देह व्यापार का मामला सामने आया। पुलिस को कई अहम सुराग भी हाथ लगे।
पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की तो कई बड़े नाम सामने आए। इस दौरान बेतियाहाता और देवरिया की नाबालिग लड़कियों ने बयान दिए कि उनके साथ भी होटल के हुक्का बार में सामूहिक दुष्कर्म हुआ था।
पुलिस जांच में सामने आया था कि गिरोह इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये लड़कियों को जाल में फंसाता था। फिर उन्हें ब्लैकमेल कर देह व्यापार में उतारा जाता था। होटल और स्पा सेंटर में लड़कियों को बुलाकर रखा जाता था। इसके बाद व्हाट्सएप पर ग्राहकों को उनकी फोटो भेजी जाती और रेट तय होते थे। मुख्य सरगना अनिरुद्ध ओझा खुद कार से लड़कियों को शहर के अलग-अलग हिस्सों और बाहर तक पहुंचाता था। जांच में यह भी सामने आया कि गोरखपुर से लखनऊ तक लड़कियां भेजी जाती थीं। इस नेटवर्क में नेपाल की लड़कियां भी शामिल थीं।
होटल संचालक समेत जेल भेजे गए आरोपियों में कई जमानत पर
शाहपुर पुलिस और रामगढ़ताल थाने की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरगना और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार आरोपियों में सरगना अनिरुद्ध ओझा, फ्लाई इन होटल का मालिक अनुराग कुमार सिंह, मोहनापुर का आकाश यादव, बिछिया के रोहित छेत्री और विनय साहनी, आदित्य मौर्या और निखिल सिंह, बस्ती मुंडेरवा के उमरी अहरा निवासी राजन उर्फ वसीम अहमद, हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र के बरवा सरसंड निवासी विमल विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा, मुस्कान और श्रेय शुक्ला हैं। इनमें से कुछ लोग जमानत पर बाहर आ गए हैं जिनका पुलिस सत्यापन कर रही है। 16 अप्रैल 2025 को रामगढ़ताल पुलिस ने सभी 14 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया था। इसमें अनिरूद्ध ओझा उर्फ सोखा को गैंग लीडर बनाया गया, जबकि अन्य आरोपियों को सक्रिय गुर्गा माना गया है।