UP News: 84 करोड़ से 640 रेलवे स्टेशनों पर बनेंगे 1680 महिला शौचालय; नार्थ... NE और NCR कराएगा निर्माण
84 करोड़ से 640 रेलवे स्टेशनों पर 1680 महिला शौचालय बनेंगे। पहले चरण में 15 करोड़ का बजट मिलेगा। उत्तर, पूर्वोत्तर व उत्तर मध्य रेलवे निर्माण कराएगा। आगे पढ़ें पूरा अपडेट...
विस्तार
उत्तर प्रदेश के 640 रेलवे स्टेशनों पर महिला यात्रियों की सुविधा के लिए 1680 शौचालय बनाए जाएंगे। इस पर करीब 84 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है, जिसे लगभग स्वीकृति मिल चुकी है। पहले चरण में निर्माण कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।
रेलवे स्टेशनों पर महिलाओं के लिए शौचालयों की कमी एक बड़ी समस्या रही है, जिसके कारण महिला यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। दैनिक यात्री एसोसिएशन ने इस मुद्दे को बार-बार उठाया, यहां तक कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक शिकायत की गई। इसी के परिणामस्वरूप महिला यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय निर्माण की मंजूरी दी जा रही है।
उत्तर प्रदेश में इस योजना के तहत उत्तर रेलवे के लखनऊ और मुरादाबाद मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ, इज्जतनगर और वाराणसी मंडल तथा उत्तर मध्य रेलवे के आगरा, झांसी और प्रयागराज मंडल के स्टेशन शामिल हैं। इन तीनों जोन के अंतर्गत आने वाले 640 स्टेशनों पर महिला शौचालय बनाए जाएंगे।
माघ मेले के बाद शुरू होगा निर्माण
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, माघ मेले के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। मेले के दौरान यात्रियों की अधिक भीड़ और ट्रेनों के संचालन में व्यस्तता के कारण काम संभव नहीं होगा। फरवरी से निर्माण शुरू होकर तीन महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
छोटे स्टेशनों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
महिला शौचालय विशेष रूप से छोटे स्टेशनों पर बनाए जाएंगे, क्योंकि बड़े और प्रमुख स्टेशनों पर पहले से सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे छोटे स्टेशनों पर महिला यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।