UP News: पासपोर्ट की तारीख आगे, हज आवेदन की घड़ी पीछे; सत्यापन में देरी से सैकड़ों इच्छुकों की चिंता बढ़ी
पासपोर्ट की तारीख आगे बढ़ रही है, और हज आवेदन की घड़ी पीछे हो गई। सत्यापन में देरी से सैकड़ों इच्छुकों की चिंता बढ़ गई है। अब आवेदन अवधि बढ़ाने या विशेष व्यवस्था की मांग उठी है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी लखनऊ में हज 2027 पर जाने का सपना संजोए कई लोग इस बार पासपोर्ट सत्यापन में देरी के कारण आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं। जून में पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाले अनेक आवेदकों को अभिलेख सत्यापन की तिथि छह अगस्त या उसके बाद की मिली है, जबकि हज आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई है। ऐसे लोगों का कहना है कि यदि शासन हज आवेदन की अंतिम तिथि नहीं बढ़ाता या पासपोर्ट सत्यापन के लिए विशेष व्यवस्था नहीं करता, तो वे इस वर्ष हज की सआदत हासिल करने से वंचित रह जाएंगे।
हज आवेदन प्रक्रिया 22 जून से शुरू हुई थी और 20 जुलाई इसकी अंतिम तिथि है। उत्तर प्रदेश के लिए इस वर्ष करीब 30 हजार हज यात्रियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि अब तक करीब 12,700 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। पिछले वर्ष प्रदेश से करीब 18 हजार लोगों ने हज यात्रा की थी। ऐसे में अंतिम दिनों में आवेदन बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन पासपोर्ट सत्यापन में देरी से प्रभावित लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है। हज से जुड़े लोगों का कहना है कि ऐसी समस्या से जूझ रहे आवेदक केवल कुछ नहीं, बल्कि सैकड़ों की संख्या में हो सकते हैं।
केस-1:
एक ही मोहल्ले के तीन आवेदक, तीनों की तारीख छह अगस्त
चौक के हाता सूरत सिंह निवासी मरियम, पत्नी मोहम्मद रोमान, ने 30 जून को पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। उन्हें अभिलेख सत्यापन के लिए छह अगस्त की तिथि मिली है। इसी मोहल्ले के मोहम्मद रेहान ने पासपोर्ट नवीनीकरण के लिए 30 जून को आवेदन किया था। उन्हें भी छह अगस्त की तारीख मिली, जबकि उनकी पत्नी हुमा के आवेदन की स्थिति भी यही है। तीनों का कहना है कि समय से आवेदन करने के बावजूद पासपोर्ट प्रक्रिया पूरी न होने के कारण वे हज के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
केस-2:
दो परिवारों की भी यही परेशानी
गढ़ीपीर खां निवासी रूबी पत्नी तौसीफ अहमद, तथा बाबा हजाराबाद निवासी मोहम्मद फरहान पुत्र जमील अहमद, ने अपनी पत्नी के साथ जून में पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। इन सभी को भी अभिलेख सत्यापन के लिए छह अगस्त की तिथि मिली है। चिंता में डूबे इन लोगों का कहना है कि यदि सत्यापन पहले हो जाता तो वे भी समय रहते हज के लिए आवेदन कर सकते थे। उनका कहना है कि उनके जैसे सैकड़ों लोग इसी समस्या से जूझ रहे हैं।
एक नजर में...
- हज आवेदन शुरू : 22 जून 2026
- अंतिम तिथि : 20 जुलाई 2026
- अब तक आवेदन : करीब 12,700
- उत्तर प्रदेश का लक्ष्य : 30,000 हज यात्री करीब
- पिछले वर्ष हज यात्रा : करीब 18,000 लोग