UP Politics: रालोद ने तेज की पंचायत व विधानसभा चुनाव की तैयारियां, कार्यकर्ताओं में जोश भरने लखनऊ आएंगे जयंत
रालोद ने यूपी पंचायत चुनाव 2026 और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। तैयारियों को रफ्तार देने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी लखनऊ आएंगे।

विस्तार
रालोद ने संगठन को मजबूत करने और आगामी पंचायत चुनाव व वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए पार्टी ने कई कार्यक्रम तय किए हैं। रालोद मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि चुनाव की तैयारियों को रफ्तार देने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह लखनऊ आएंगे। 2 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक जयंत के प्रदेश में सात बड़े कार्यक्रम होंगे।

उन्होंने बताया कि संगठन को गतिशील बनाने के लिए कई कार्यक्रम तय किए गए हैं। इस क्रम में 30 सितंबर को सभी 75 जिलों में बैठकें होंगे। 31अक्तूबर को सभी जिलों में संगठन की बैठक होगी और सरदार पटेल जयंती को एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर को बस्ती में सरदार पटेल जयंती पर जयंत सिंह जनसभा को संबोधित करेंगे। पंचायत चुनाव के लिए सभी जिलाध्यक्षों को 5 सदस्यीय समिति बनाने के निर्देश दिए गए हैं। 31 अक्तूबर तक पार्टी के सभी प्रकोष्ठ अपने क्षेत्रीय सम्मेलन संपन्न कर लेंगे।
आपदा में सदैव जनता के साथ रालोद : डॉ. रामाशीष
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने कहा कि रालोद आपदा में सदैव जनता के साथ खड़ा रहा है। पंजाब में आई भीषण बाढ़ के पीड़ितों के लिए लखनऊ से राहत सामग्री भेजी गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सबसे पहले पंजाब बाढ़ आपदा में मदद का हाथ बढ़ाया। उन्होंने दिल्ली से किसान ट्रस्ट के माध्यम से राहत सामग्री भेजी और आर्थिक सहायता पहुंचाई।
प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने भी लखनऊ से राहत सामग्री भेजी है। पंजाब बाढ़ आपदा समिति के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कहा कि रालोद का हर कार्यकर्ता पीड़ितों के साथ खड़ा है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि यह राहत सामग्री पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के सहयोग से एकत्र की गई है।