{"_id":"69a941ccbe6beaace6051f17","slug":"lucknow-lucknow-was-drenched-in-the-colors-of-holi-a-historic-procession-started-from-the-chowk-2026-03-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow: होली के रंग में सराबोर हुआ लखनऊ, चौक से निकला ऐतिहासिक जुलूस, गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow: होली के रंग में सराबोर हुआ लखनऊ, चौक से निकला ऐतिहासिक जुलूस, गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Thu, 05 Mar 2026 02:11 PM IST
विज्ञापन
सार
होली के अवसर पर लखनऊ रंग और फाग गीतों से सराबोर हो गया। जुलूस के दौरान गायकों की टोलियों ने फाग गीतों से माहौल को उत्सवमय बनाए रखा।
जुलूस में शामिल हुए पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा।
- फोटो : amar ujala
विज्ञापन
विस्तार
होली के रंगों के साथ राजधानी में सौहार्द का रंग अपनी परंपराओं में घुलकर और चटख हो गया। शहर के ऐतिहासिक चौक क्षेत्र में बुधवार को परम्परागत होरियारों का जुलूस धूमधाम के साथ निकला। करीब 70 वर्षों से लगातार निकल रहा यह जुलूस रंग-गुलाल, पुष्पवर्षा और फाग गीतों के बीच पूरे इलाके को होली के रंग में रंगता चला गया। घोड़े, ऊंट, बग्घी, रथ और खच्चरों पर सवार होरियारों की टोली ने टेसू के फूलों से बने रंग उड़ाते हुए लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। हवा में उड़ते रंग-बिरंगे गुलाल से आसमान इन्द्रधनुषी रंगों से भर उठा और दर्शकों ने इस मनमोहक दृश्य का भरपूर आनंद लिया।
Trending Videos
जुलूस का नेतृत्व होली समिति के अध्यक्ष गोविन्द शर्मा, पार्षद व संयोजक अनुराग मिश्रा, उपाध्यक्ष डॉ. राजकुमार वर्मा, ओम प्रकाश दीक्षित, अमित टण्डन और राज बाबू रस्तोगी सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों ने किया। जुलूस चौक स्थित कोनेश्वर मंदिर से शुरू होकर पं. अमृत लाल नागर चौक, कमला नेहरू मार्ग, मेडिकल क्रासिंग, विक्टोरिया स्ट्रीट, मेफेयर तिराहा, अकबरी गेट, तहसीन मस्जिद, गोटा बाजार और चौक सर्राफा होते हुए पुनः पं. अमृत लाल नागर चौक पर सम्पन्न हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - महिला दिवस 2026: पिंक रोजगार महाकुंभ में 5000 युवतियों को मिलेगा नौकरी का मौका, इंटरव्यू के बाद होगा चयन
ये भी पढ़ें - तिहाड़ जेल से छूटने के बाद अमेठी पहुंचे एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष, एआई समिट के दौरान किया था प्रदर्शन
जुलूस में पूर्व उपमुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा और भाजपा नेता नीरज सिंह भी शामिल हुए। सभी ने पद्म विभूषण पं. अमृत लाल नागर और पूर्व राज्यपाल लालजी टण्डन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर लोगों को होली की बधाई दी।
जुलूस के दौरान गायकों की टोलियों ने फाग गीतों से माहौल को उत्सवमय बनाए रखा। वहीं, मुस्लिम समाज के लोगों ने भी जगह-जगह फूलों से स्वागत कर लखनऊ की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की। चौक सब्जी मंडी, विक्टोरिया स्ट्रीट, अकबरी गेट और सराय तहसीन समेत कई स्थानों पर व्यापार मंडलों और स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।
समापन के अवसर पर समिति की ओर से ‘होरियारा सम्मान’ भी प्रदान किया गया। आकर्षक वेशभूषा के लिए उत्तम कपूर और आनंद रस्तोगी को 11-11 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। करीब 200 वर्षों की परम्परा से जुड़ा चौक का यह होली मेला नवाबी दौर की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना जाता है।
देर रात तक चले इस आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापार मंडलों की ओर से होली मिलन कैम्प लगाए गए, जहां लोगों को ठंडाई, खस और गुलाब का शरबत तथा पान खिलाकर बधाई दी गई। रंग खेलने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने कोनेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन भी किए।
