यूपी: प्रदेश में भाजपा 10 अगस्त से शुरू करेगी तिरंगा यात्रा, हर बूथ अध्यक्ष को मिला ये लक्ष्य; जानिए डिटेल
Tiranga Yatra in UP: चुनावी साल में भाजपा 'हर घर तिरंगा- तिरंगा यात्रा' अभियान के जरिए माहौल बनाएगी। हर स्तर के कार्यकर्ता को इससे जोड़ने की कोशिश होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चुनावी साल में भाजपा 'हर घर तिरंगा- तिरंगा यात्रा' अभियान के जरिए माहौल बनाएगी। इसके लिए पार्टी ने 10 से 15 अगस्त तक एक विशेष अभियान की रूपरेखा तैयार किया है। शनिवार को प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित कार्यशाला में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान को सफल बनाने का मंत्र दिया गया। इसमे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री एके एंटनी और प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का रूपरेखा तय की। सभी बूथ अध्यक्षों को कम के कम 50-50 घरों को यात्रा से जोड़ने का भी लक्ष्य दिया गया है।
राजधानी स्थित विश्वेश्वरैया सभागार में हुई में कार्यशाला में निर्णय लिया गया कि प्रदेश भर में 10 से 15 अगस्त तक व्यापक जनभागीदारी के साथ ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा‘ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के संचालन के लिए टीम का गठन भी किया गया। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर भारद्वाज को अभियान का संयोजक और प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, प्रदेश मंत्री अनिल यादव और रजनी पांडे को सह-संयोजक बनाया गया है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 11 से 15 अगस्त तक प्रदेश भर में ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान और 10 से 14 अगस्त तक ‘तिरंगा यात्रा‘ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्ग को अभियान से जोड़ने के साथ ही प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर राष्ट्रध्वज फहराने के लिए जनजागरण किया जाएगा। अभियान दौरान हर घर पहुंचने के लिए क्षेत्र, जिला और मंडल स्तर पर टोली का गठन किया गया है। 4 व 5 अगस्त को जिला योजना और 6 अगस्त को मंडल योजना बैठकें करके कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल तथा महानगरों के वार्ड स्तर पर 1 से 2 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसका नेतृत्व भाजयुमो करेगा और महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ सहभागी रहेंगे।
13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान, व्यापारिक संस्थान एवं कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक मंडल में युद्धवीरों, शहीदों के परिजनों तथा देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों का सम्मान कर उनके त्याग और समर्पण के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
स्मारकों पर भी चलेगा स्वच्छता अभियान
संगठन मंत्री ने बताया कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों, स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों तथा उनके आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण किया जाएगा। जबकि 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएंगी।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस‘ के अवसर पर सभी जिलों में बैनर एवं प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस निकाले जाएंगे। जिला स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन कर विभाजन की विभीषिका से जुड़े संस्मरणों को साझा किया जाएगा।
यूपी के लिए तिरंगा विशेष सम्मान का प्रतीक: पंकज चौधरी
इस मौके पर प्रदेश पंकज चौधरी ने कहा राष्ट्रगौरव का जीवंत प्रतीक यह तिरंगा यूपी के लिए तो विशेष स्थान रखता है, क्योंकि प्रथम स्वाधीनता संग्राम से लेकर आज़ादी की अंतिम लड़ाई तक इस प्रदेश के वीरों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने शहीदों की याद में और प्रत्येक नागरिक को इस देश के गौरव के साथ जोड़ने के लिए, हर घर तिरंगा अभियान की शुरूआत 2022 में की थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सभी बूथ अध्यक्षों के मार्गदर्शन में हर कार्यकर्ता कम से कम 50-50 घरों को इस अभियान से जोड़े।
पूरी तैयारी के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटें: एंटनी
कार्यशाला को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मंत्री एके एंटनी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा‘ केवल घरों पर तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा प्रदेश समिति सभी जिलों के साथ सतत संवाद बनाए रखे, तैयारियों की नियमित समीक्षा करें।