प्रोटेक्टेड ऑर्मर्ड व्हीकल Kalynai M4 को भारतीय सेना में शामिल करने के बाद अब सरकार ने लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल्स (LSVs) खरीदने के लिए महिंद्रा डिफेंस से करार किया है। 1056 करोड़ रुपये के करार के तहत सरकार महिंद्रा डिफेंस से 1300 लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल्स खरीदेगी, जिसे अगले चार सालों में सेना को आपूर्ति करनी होगी। इसके आने से 'मेक इन इंडिया' को मजबूती मिलेगी। साथ ही, सेना में LSV आने के बाद भारतीय सेना प्रसिद्ध हमर की नकलची चीनी हमवी आर्मर्ड गाड़ियों को टक्कर दे सकेगी। जानते हैं महिंद्रा लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल्स की खूबियों के बारे में...
चीन की नकलची Humvee को धूल चटाएगी भारतीय सेना की ये दमदार गाड़ी, कांगो में दिखा चुकी है जलवा
क्या हैं लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल्स
सबसे पहले जानते हैं क्या होते हैं ये लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल्स। चीनी हमवी (हाई मोबिलिटी मल्टीपर्पज व्हील्ड व्हीकल) की तरह ये भी नए जमाने के लड़ाकू वाहन हैं। इनमें मीडियम मशीन गन, ऑटोमैटिक ग्रेनेड लॉन्चर्स के साथ एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल्स लगाई जा सकती हैं। वहीं यह सेना के साथ अग्रिम मोर्चों पर तैनात होंगी। ये व्हीकल्स छोटे हथियारों के हमलों को आसानी से झेल सकती हैं। इसे महिंद्रा एमिरेट्स व्हीकल ऑर्मरिंग (MEVA) ने तैयार किया है।
अफ्रीका में हो रही है इस्तेमाल
खास बात यह है कि यह ALSV अफ्रीका में तैनात यूएन पीसकीपिंग फोर्सेज द्वारा इस्तेमाल भी की जा रही है। कांगो में इसे इस्तेमाल भी किया जा रहा है और वहां तैनात भारतीय सेना की 16 सिख रेजीमेंट इसे प्रयोग कर रही है। महिंद्रा का दावा है कि ALSV B7, STANAG Level II का बैलिस्टक प्रोटेक्शन देती है और STANAG Level I प्रोटेक्शन स्टैंडर्ड मिलता है।
हथियारों और गोलाबारूद के लिए कार्गो स्पेस
ALSV में ड्राइवर समेत पांच (5+1) लोग बैठ सकते हैं, जिसे बढ़ा तक 10+2 किया जा सकता है। साथ ही इसमें 400 किग्रा तक के हथियारों और गोलाबारूद के लिए अतिरिक्त कार्गो स्पेस दिया गया है। वहीं इसकी पेलोड कैपेसिटी 1000 किग्रा से ज्यादा है। इसमें रेडियो (HF/VHF/UHF), जीपीएस, पब्लिक अड्रेस सिस्टम के लिए मेगाफोन सिस्टम, सर्विलांस सिस्टम, मैपिंग के साथ टैक्टिकल कंमाड एंड कंट्रोल सिस्टम दिया गया है। इसमें ऑटोमैटिक ग्रेनेड लॉन्चर, इलेक्ट्रिक विंच, स्क्रीन-विंडो प्रोटेक्शन, मीडियम मशीनगन माउंट, कैमोफ्लैग नेट स्टोरेज, ब्लास्ट मिटीगेशन फ्लोर मैट जैसी खासियतें भी दी गई हैं।
इंजन
महिंद्रा ALSV में 3.2 लीटर का इनलाइन-6 टर्बो डीजल इंजन दिया गया है, जो नाटो फ्यूल पर भी चल सकता है। यह इंजन 3600 आरपीएम पर 215 एचपी की पावर और 2000 आरपीएम पर 500 एनएम का टॉर्क देता है। इसमें 4 और 6-स्पीड ऑटो गियर शिफ्ट विकल्प के तौर पर मिलता है। यह व्हीकल स्टैंडर्ड 4X4 है, जिससे इसे जंगल और पथरीले रास्तों पर चलाने में कोई दिक्कत नहीं आती है। इसमें पावर स्टीयरिंग के साथ राइट हैंड ड्राइव और लेफ्ट हैंड ड्राइव का ऑप्शन भी आता है।