उड़ता पंजाब के मुद्दे पर अभिनेता आमिर खान ने सेंसर बोर्ड, फिल्मों में राजनीति समेत कई मुद्दों पर की बेबाक टिप्पणी। दरअसल अभिनेता आमिर खान ने ‘उड़ता पंजाब’ पर मुंबई हाईकोर्ट के फैसले को सही करार दिया है। पंजाब के हलवारा (लुधियाना) में अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म 'दंगल' की शूटिंग के लिए पहुंचे मिस्टर परफेक्शनिस्ट वीरवार को गांव टूसे स्थित नहरी विभाग के रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। आमिर ने कहा वह ‘उड़ता पंजाब’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे है। वह इसे जरूर देखेंगे।
आमिर खान का 'दंगल' फिर शुरू, सेंसर बोर्ड समेत कई मुद्दों पर बेबाक टिप्पणी
इस दौरान उन्होंने फिल्मों पर हो रही राजनीति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि फिल्में समाज को बदलने और दिशा देने की भूमिका निभा रही हैं, लेकिन इसमें दखलंदाजी सही नहीं है। आमिर ने कहा कि फिल्मों में राजनीति की कोई जगह नहीं है औैर न ही फिल्मों में राजनीति होनी चाहिए। सेंसर बोर्ड का काम फिल्म को सर्टिफिकेट जारी करना है न कि अपनी मर्जी से सीन काटना। वहीं फिल्म बनाने वाले और कलाकारों को भी यह तय करना होगा कि फिल्मों में कुछ ऐसा गलत न दिखाएं, जिससे समाज में गलत संदेश जाए। आमिर खान अपनी आने वाली फिल्म दंगल की शूटिंग के लिए दस दिन लुधियाना में रहेंगे।
एक सवाल के जवाब में आमिर खान ने कहा कि अगर ‘उड़ता पंजाब’ के सीन सेंसर बोर्ड से सोशल मीडिया पर लीक हुए तो यह शर्म की बात है। अगर यह पायरेटिड कापी है तो और भी गलत है। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी फिल्म की पायरेटिड कापी देखना चोरी करने के समान है। समाज को इसके प्रति संवेदनशील होना चाहिए। यह कलाकारों, स्टंट मैन, फिल्म निर्माता, निर्देशक की कड़ी मेहनत पर पानी फेरने के समान है। फिल्म की पायरेटेड कापी देखना कानून और समाज की नजर में गुनाह है।
आमिर ने कहा कि पंजाबी ज्यादातर फिट हैं। पंजाबियों की सेहत और फिटनेस के वे कद्रदान हैं। उन्होंने फिट रहने का नुस्खा बताते हुए कहा कि वह पचास प्रतिशत डाइट पर कंट्रोल, 25 प्रतिशत कसरत और 25 प्रतिशत आराम से खुद को हमेशा फिट रखते हैं। उन्होंने कहा कि दंगल उनके जीवन की बेहतरीन फिल्मों में से एक होगी। जिसमें समाज के लिए एक अच्छा संदेश होगा। दंगल में हरियाणा के पहलवान महावीर फोगट का किरदार कर रहे आमिर ने कहा कि पिछली बार वह बुजुर्ग महावीर फोगट के रोल की शूटिंग करके गए थे। इस बार वह जवान फोगट की शूटिंग करने आए हैं और इसके लिए उन्होंने 25 किलो से भी कुछ अधिक वजन कम किया है।
सलमान खान पर उन्होंने कहा कि वह सलमान की फिटनेस और अदाकारी के मुरीद हैं। सलमान खान की आने वाली फिल्म सुल्तान का टीजर, प्रोमो और गाने काफी अच्छे बने हैं। उन्होंने कहा कि सलमान फिल्म इंडस्ट्री के नेचुरल बॉडी बिल्डर हैं और वह उत्सुकता से उनकी फिल्म सुल्तान का इंतजार कर रहे हैं। वह सलमान खान के साथ काम करने के भी इच्छुक हैं। अगर कहानी अच्छी मिली तो उनके साथ जरूर काम करेंगे। उन्होंने सलमान खान के साथ ‘अंदाज अपना-अपना’ पार्ट टू करने की भी इच्छा जताई।
