रुद्रपुर के नारायणपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक के लोकार्पण कार्यक्रम से पहले हेलीपैड पर विधायक राजेश शुक्ला और पूर्व मुख्य सचिव राकेश शर्मा के समर्थकों में टकराव हो गया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और जमकर लात-घूसे चले। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने दोनों गुटों को खदेड़ दिया। टकराव में शर्मा के दो समर्थक चोटिल हो गए। बृहस्पतिवार को लोकार्पण कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री के स्वागत के लिए विधायक शुक्ला अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल से एक किमी दूर बनाए गए हेलीपैड पर खड़े थे। इस बीच वहां पूर्व मुख्य सचिव राकेश शर्मा के कुछ समर्थक भी पहुंच गए।
केंद्रीय मंत्री की सभा में विधायक और पूर्व मुख्य सचिव के समर्थकों में चले लाठी-डंडे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शर्मा समर्थक पूर्व सभासद प्रहलाद खुराना और विक्रांत फुटेला सहित करीब 24 लोगों को वहां देखकर विधायक शुक्ला और उनके समर्थक भड़क गए। शुक्ला ने वहां मौजूद अधिकारियों से उन्हें हटाने को कहा, जिस पर शर्मा समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। किच्छा कोतवाल प्रमोद शाह ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। बाद में एसडीएम पंकज उपाध्याय और सीओ हरीश मेहरा ने भी उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन शर्मा समर्थक अधिकारियों से भी उलझने लगे। इससे भड़के शुक्ला समर्थकों ने उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच टकराव हो गया।
इस दौरान दोनों पक्षों में लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने सख्ती दिखाकर दोनों पक्षों को वहां से खदेड़ दिया। मामले को लेकर विधायक शुक्ला का कहना था कि शर्मा समर्थक जानबूझकर माहौल बिगाड़ने आए थे, उनमें से कोई भी भाजपाई नहीं था। उनका मकसद सिर्फ माहौल खराब करना था। जबकि इस बारे में पूर्व मुख्य सचिव राकेश शर्मा का कहना है कि जो भी गुट भिड़े हैं उनसे उनका कोई लेनादेना नहीं है। इसमें उन्हें जबरन घसीटा जा रहा है।
हेलीपैड पर पहुंचे शर्मा समर्थकों के खिलाफ विधायक राजेश शुक्ला ने पुलिस को तहरीर भी दी है। इसमें कहा गया है कि राकेश शर्मा के समर्थक विक्रांत फुटेला सहित करीब डेढ़ सौ लोग जबरन हेलीपैड तक पहुंच गए, उनके पास हथियार एवं काले झंडे थे। शुक्ला ने कहा उन्होंने शर्मा समर्थकों को हटाने के लिए सीओ से कहा तो उन्होंने हटाने का प्रयास नहीं किया। शुक्ला ने शर्मा समर्थकों पर हमले का प्रयास करने, गालियां देने और धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
स्वतंत्रता सेनानी स्मारक के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान खटीमा के विधायक पुष्कर सिंह धामी को ढूंढते रहे। उन्होंने मंच से कई बार धामी का नाम पुकारा। दरअसल धामी हेलीपैड पर केंद्रीय मंत्री का स्वागत करने के बाद किसी दूसरे कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। बता दें कि वर्ष 2001 में जब धर्मेंद्र प्रधान युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे उस समय पुष्कर धामी उत्तराखंड भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष थे। धामी के साथ अपनी पुरानी मित्रता का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने उन्हें कई बार पूछा।