भारत में मोबाइल पर चलने वाले ओटीटी एप के बीच मुकाबला अब कांटे का हो चला है। भारतीय क्रिकेट टीम इस बार जब न्यूजीलैंड जाएगी तो उसके मैच डिजनी इंडिया के ऐप डिजनी प्लस हॉटस्टार पर प्रसारित नहीं होंगे। ये मैच इस बार दिखेंगे अमेजन के वीडियो ऐप प्राइम वीडियो पर। प्राइम वीडियो ने न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के तहत होने वाले सभी मैचों को ओटीटी पर प्रसारित करने के अधिकार खरीद लिए हैं।
हॉटस्टार पर नहीं होगा भारतीय टीम के न्यूजीलैंड दौरे का सीधा प्रसारण, इस कंपनी ने मारी जोरदार एंट्री
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड और ओटीटी प्राइम वीडियो के बीच हुए सौदे के मुताबिक न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम मौजूदा सत्र से लेकर 2025-26 तक टीम के सारे मैच प्राइम वीडियो पर ही प्रसारित होंगे। भारत में वैसे भी सिनेमा और क्रिकेट ही सबसे ज्यादा ओटीटी पर बिकते हैं। ये बात हॉटस्टार की समझ में सबसे पहले आई और लंबे समय से भारतीय क्रिकेट टीम के लगभग सभी मैचों का प्रसारण यही ओटीटी करता आया है। क्रिकेट के अलावा हॉटस्टार दूसरे खेलों को भी प्रसारित करता है।
लेकिन इस बार हॉटस्टार के भीतर खलबली भी क्रिकेट मैचों के प्रसारण अधिकारों पर खर्च हुई रकम को लेकर ही मची। बीसीसीआई ने इस साल इंडियन प्रीमियर लीग को भारत में न करके दुबई में करने का जो फैसला लिया, इसके पीछे इसके प्रसारण अधिकारों में फंसी रकम भी मुख्य कारण रहा। स्टार नेटवर्क का भारत में अधिग्रहण कर चुकी कंपनी डिजनी इंडिया के अफसरों को सबसे ज्यादा यही रकम खली भी। कंपनी का काम काज एशिया प्रशांत महासागर क्षेत्र में देखने वाले अधिकारियों की अब डिजनी इंडिया से एक एक कर विदाई हो रही है। और, कंपनी भी अपनी आर्थिक हालत को ठीक करने के लिए कंपनी के भारतीय प्रबंधन में आमूलचूल परिवर्तन कर रही है।
प्राइम वीडियो ने इसी उथलपुथल का लाभ उठाया है। मंगलवार को प्राइम वीडियो ने एलान किया कि उसने न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के अगले पांच साल के सभी मैचों का प्रसारण करने के अधिकार खरीद लिए हैं। इस सौदे के तहत प्राइम वीडियो महिला और पुरुषों के सभी तरह के क्रिकेट मैच जैसे टी20, टेस्ट और वनडे का प्रसारण कर सकेगा। वर्ष 2022 में भारतीय टीम भी न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली है। इस दौरे का प्रसारण भी प्राइम वीडियो सीधे अपने प्लेटफॉर्म पर करेगा।
इस सौदे के बारे में अमेजन प्राइम वीडियो के डायरेक्टर गौरव गांधी ने कहा, 'हम अपने सामग्री संग्रह में क्रिकेट को जोड़कर बहुत रोमांचित महसूस कर रहे हैं। यह सौदा हमने न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ किया है क्योंकि उनकी टीम बहुत मजबूत, जुनूनी और सभी की पसंदीदा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्रिकेट मैच भी किसी दुश्मनी से कम नहीं होते। हम यह सौदा करके बहुत खुश हैं।' उधर, न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ एग्जीक्यूटिव डेविड व्हाइट कहते हैं, 'अमेजन प्राइम वीडियो के साथ भागीदारी करना न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी बात है। न्यूजीलैंड क्रिकेट का मुख्य लक्ष्य अपनी टीम की वैश्विक पहुंच का विस्तार करना और विश्व भर में अच्छे संबंध बनाना है।'