अमर उजाला की मुहिम ‘मां तुझे प्रणाम’ की कड़ी में 15 अगस्त को सुबह 10 बजे गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर से निकलने वाली रैली का शहर के अलग-अलग इलाकों में शानदार अंदाज में स्वागत किया जाएगा।
मां तुझे प्रणाम: आजादी महोत्सव की रैली का गोरखपुर शहर में होगा शानदार स्वागत, आप भी लीजिए हिस्सा
गोरखपुर विश्वविद्यालय गेट से बाहर आएगी, फिर विश्वविद्यालय चौराहा, ऐश्प्रा तिराहा, गणेश चौक, चेतना तिराहा, कचहरी चौराहा, शास्त्री चौराहा, प्रेस क्लब, आंबेडकर चौक, कचहरी बस स्टेशन, छात्रसंघ चौक होकर गोरखपुर विश्वविद्यालय गेट तक जाएगी।
दो चरणों में होगी डांस प्रतियोगिता
13 अगस्त को डांस प्रतियोगिता कराई जाएगी। नगर निगम के नए भवन हॉल में सुबह 10 बजे से ही छात्र-छात्राओं की टीमें अपनी-अपनी प्रस्तुति देंगी। इनमें से छह टीमों का चयन फाइनल राउंड के लिए होगा। फाइनल मुकाबला 14 अगस्त को दोपहर एक बजे से होगा। इनमें से पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाने वाली टीमों को प्रतीक चिह्न भेंट करके सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन में नगर निगम का विशेष सहयोग है।
इन टीमों के बीच मुकाबला
आरपीएम एकेडमी, एकेडमिक ग्लोबल स्कूल, जीडी गोयनका, केंद्रीय विद्यालय नंबर एक एयरफोर्स, आर्मी पब्लिक स्कूल, नवल्स नेशनल एकेडमी, सरमाउंट इंटरनेशनल स्कूल, एसएस एकेडमी, गोरखपुर पब्लिक स्कूल, एडी गर्ल्स इंटर कॉलेज, जेपी एजूकेशन एकेडमी, आत्मदीप एकेडमी, सरस्वती बालिका विद्यालय और स्टेपिंग स्टोन की टीमें हिस्सा लेंगी।
पुलिस कर्मियों का सम्मान
नगर निगम के नए भवन हॉल में 14 अगस्त को अपराह्न चार बजे अच्छा काम करने वाले जिले के 21 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर की मदद से पुलिस कर्मियों की सूची तैयार कराई जा रही है। मुख्य अतिथि के तौर पर डीआईजी जे रविंद्र और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई उपस्थित रहेंगे।
देशभक्ति का अलख जगाएगी बाइक रैली
देशभक्ति को प्रदर्शित करती बाइक रैली 14 अगस्त को दोपहर 12 बजे गोरखपुर विश्वविद्यालय गेट से निकलेगी, जो गोरखपुर विश्वविद्यालय चौराहा, पार्क रोड होकर ऐश्प्रा तिराहा, गणेश चौक, चेतना तिराहा, कचहरी चौराहा, शास्त्री चौक, बेतियाहाता चौराहा से डॉक्टर लेन होकर फिराक गोरखपुरी चौराहा, कैंट थाना से छात्रसंघ चौक तक जाएगी, फिर गोरखपुर विश्वविद्यालय गेट तक जाकर खत्म होगी।
मानव श्रृंखला बनाकर देंगे देशभक्ति का संदेश
मां तुझे प्रणाम की कड़ी में ही 14 अगस्त को सुबह 11 बजे गोलघर में मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। प्रतिभा वेलफेयर सोसायटी की मदद से गणेश चौक से शास्त्री चौक तक मानव श्रृंखला बनेगी। इसमें शहर के प्रमुख डॉक्टर, शिक्षाविद, स्कूल-कॉलजों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। प्रतिभा वेलफेयर सोसायटी की सचिव करुणा भदानी ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। मानव श्रृंखला के जरिए देशभक्ति का बड़ा संदेश दिया जाएगा।
एक साथ करें सामूहिक राष्ट्रगान
शहर के 21 चौराहों और तिराहों पर 15 अगस्त को सुबह 9 बजे सामूहिक राष्ट्रगान होगा। आईटीएमयुक्त चौराहों पर राष्ट्रगान की धुन बजेगी। जो शहरवासी जिस चौराहे पर होंगे, वहीं खड़े होकर राष्ट्रगान करेंगे। मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट तिराहा, अग्रसेन तिराहा, बरगदवां तिराहा, खजांची चौक, पादरी बाजार, यूनिवर्सिटी चौराहा, आंबेडकर चौराहा, छात्रसंघ चौराहा, शास्त्री चौक, यातायात तिराहा, असुरन चौक, काली मंदिर तिराहा, गोलघर, कचहरी चौराहा, बेतियाहाता चौराहा, ट्रांसपोर्टनगर चौराहा, नौसड़ तिराहा, रुस्तमपुर चौराहा, पैडलेगंज और अमर उजाला तिराहा पर सामूहिक राष्ट्रगान कराया जाएगा। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर 52 सेकेंड के लिए यातायात एक साथ रोका जाएगा। हर चौराहे पर सामूहिक राष्ट्रगान की व्यवस्था की गई है। एंबुलेंस ग्रीन कॉरिडोर से निकाली जाएगी। एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई और एसपी ट्रैफिक डॉ एमपी सिंह भी तैयारियों में जुटे हैं।