पति की लंबी आयु के लिए करवा चौथ का पर्व बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। महिलाओं ने दिनभर निर्जल व्रत रख शाम को शिव परिवार की पूजा की और चांद का दीदार कर अर्घ्य दिया। पति की लंबी उम्र की कामना की। घरों के साथ ही कई सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक पूजा की गई।
Karwa Chauth 2023: चांद को देख सुहागिनों ने मांगी पति की दीर्घायु, पूजन के बाद किया पारण
सुहाग के प्रतीक वस्तुओं के चित्र भी बनाए। उसके बाद महिलाओं ने धातु व मिट्टी का करवा दीया, सींक चावल के आटे का बना फरा आदि से विधि-विधान से पूजन कर करवा चौथ की कथा सुनी। रात्रि आठ बजकर 10 मिनट पर जैसे ही चंद्रोदय हुआ व्रती महिलाओं ने चलनी से चंद्र दर्शन किए और उन्हें अर्घ्य दिया। सुहागिनों ने अपने पति के साथ ही घर के बड़े बुजुर्गों का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। अंत में पति के हाथों पानी पीकर व्रत का पारण किया।
गुरुद्वारों और मंदिरों में पहुंचीं महिलाएं
करवा चौथ पर शहर के पैडलेगंज और जटाशंकर गुरुद्वारे में बड़ी संख्या में महिलाएं पूजन करने पहुंचीं। इसके साथ ही शहर के प्रमुख मंदिरों व अपार्टमेंट में भी एकत्रित होकर सामूहिक पूजा-अर्चना कीं।
खत्री समाज की महिलाओं ने की सामूहिक पूजा
मोहद्दीपुर में खत्री समाज कि महिलाओं ने व्रत रख करवा चौथ की सामूहिक पूजा की। पूजन में सुदेश चोपड़ा, मधु भाटिया, श्रद्धा भाटिया, ज्योती गुलाटी, टीना खालसा, नताशा भाटिया आदि शामिल रहीं।
बाजारों में रही भीड़
करवा चौथ के दिन ब्यूटी पार्लर के साथ ही बाजारों में महिलाओं के भारी भीड़ नजर आई। कई महिलाओं ने करवा चौथ पर तैयार होने के लिए पहले से ब्यूटीपार्लर की बुकिंग करा रखी थी। इसके साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं बाजार में कपड़े, ज्वैलरी व पूजन सामग्री की खरीदारी करते नजर आईं।
सांसद रवि किशन शुक्ला की पत्नी प्रीति शुक्ला ने बुधवार को करवा चौथ का व्रत रखा। उनका पूरा परिवार साथ में था। सांसद ने अन्य महिलाओं को व्रत की बधाई दी।
सांसद रवि किशन पत्नी के सामने खड़े थे और पत्नी पूजा की थाली लिए पति की आरती उतार रही थीं। प्रीति शुक्ला ने बताया कि हम हर साल बहुत उत्साह से करवा चौथ मनाते हैं।