नाजायज संबंध के चलते कुल्हाड़ी से हत्या के बाद नाले में फेक दी लाश
नाले में मिली युवक की लाश
चित्रकूट के मानिकपुर में दो दिन से लापता युवक का शव गांव के ही एक नाले में मिला। सोमवार सुबह थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव के एक खंडहरनुमा मकान के नाले के पास ग्रामीणों ने खून देखा। गांव का दीपकुमार पांडेय दो दिन से लापता था तो ग्रामीणों ने उनके परिजनों को सूचना दी। सभी ने मिलकर उस स्थान पर खोजबीन की तो वहां दीप(23)का शव मिला।
चेहरे पर कुल्हाड़ी के वार के निशान थे
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र, अपर एसपी बलवंत चौधरी, सीओ विनीत सिंह व प्रभारी थानाध्यक्ष शिवबरन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणाें की मदद से शव बाहर निकाला गया तो गले व चेहरे पर कुल्हाड़ी के वार के निशान थे। बताया कि दो दिन पहले ही पुलिस से दीप की हत्या की आशंका जताई थी पर कुछ नहीं किया गया।
पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है
दीप कुमार पांडेय के पिता की तहरीर पर सत्यनारायण मिश्रा पुत्र हीरालाल, उनके पुत्र भागवत उर्फ बोग्गा, रामायण मिश्रा, विष्णु कोल पुत्र भइयालाल, राजाभइया पुत्र छत्रपाल, कलकी कोल पुत्र होरीलाल, हरीकोल पुत्र भभोलू व ममता पत्नी राजाभइया के नाम रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। राजाभइया के घर से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी मिली है।
बहनों ने ही किया था लालन-पालन
कलकी व हरीकोल फरार हैं। पुलिस समेत ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि दीप की हत्या 12 जनवरी की रात को ही की गई है, जिस दिन से वह लापता था। दीप पांडेय की मां की बचपन में ही बीमारी से मौत हो चुकी है। बहनों ने ही उसका पोषण किया। बहनों व बडे़ भाई की शादी हो चुकी है। दीप के पिता से लेकर ग्रामीण तक हत्या के कारण की सही जानकारी नहीं दे पाए हैं।
