ईवीएम की सुरक्षा का पहले नहीं देखा होगा ये अंदाज, यहां कार्यकता दूरबीन से रख रहे नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी याकूब कुरैशी के समर्थन में कार्यकर्ता मतगणना स्थल पर ईवीएम की सुरक्षा के लिए डेरा डाले हुए हैं। यह बात अलग है कि सीआईएसएफ के जवान जहां मतगणना स्थल के भीतर ड्यूटी दे रहे हैं, तो बसपा समर्थक मतगणना स्थल के बाहर टेंट लगाकर 24 घंटे पहरा दे रहे हैं। इस टेंट में सभी जरूरी सुविधाएं कार्यकर्ताओं के लिए मुहैया कराई गई हैं। तीन शिफ्ट में कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। जिनके पास जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए हैं।
गगोल रोड स्थित कताई मिल परिसर में मतगणना होनी है और मतदान के बाद से ईवीएम यहीं पर रखी हुई हैं। इन ईवीएम को स्ट्रांग रूम में बंद कर बाहर से सील कर दिया गया है और बाहर सीआईएसएफ के जवान व प्रशासन की तरफ से तैनात मजिस्ट्रेट 24 घंटे ड्यूटी दे रहे हैं।
कताई मिल के बाहर लगाया टेंट
गठबंधन के कार्यकर्ता द्वारा कताई मिल के मुख्य गेट के बाहर टेंट लगाया हुआ है। इस टेंट में एक बड़ा तख्त पड़ा हुआ है, जिस पर बिस्तर लगे हैं। टेंट में पंखे, कूलर, एलईडी बल्ब के साथ मनोरंजन के लिए एलईडी लगी है। इसके साथ ही एक मेज को छोटी सी रसोई का रूप दिया हुआ है, जिस पर एक दर्जन कप, भगोना, चाय और चीनी के डिब्बे के साथ इंडक्शन चूल्हा रखा है। जिस पर चाय बनाने के साथ खाना गर्म करने की व्यवस्था है।
पीने के पानी के लिए पांच कैंपर प्रतिदिन यहां आते हैं। टेंट की रोशनी पंखे आदि के लिए जेनरेटर भी लगाया हुआ है। एक ड्यूटी रजिस्टर भी रखा है, जिसमें शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाती है। इस काम को 20 कार्यकर्ता शिफ्टवार कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष सुभाष प्रधान भी लगभग प्रतिदिन निरीक्षण करते हैं।
टैंट के भीतर रखी एक एलईडी का कनेक्शन मतगणना परिसर के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों से है। जिसके द्वारा कार्यकर्ता हर वक्त ईवीएम सुरक्षा पर नजर रखते हैं। लेकिन जब एलईडी स्क्रीन पर कुछ भी हलचल नजर आती है, तो तत्काल दूरबीन के माध्यम से सीधे ईवीएम स्ट्रांग रूम के गलियारे पर नजर रखी जाती है।
ईवीएम की सुरक्षा को रालोद भी दे रही पहरा
मुजफ्फरनगर जिले में ईवीएम की सुरक्षा को राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता मतदान के बाद से नवीन मंडी स्थल पर लगातार पहरा दे रहे हैं। रालोद के डेरे पर उनके कार्यकर्ता प्रतिदिन बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। रालोद नेताओं का कहना है कि उन्हें सिस्टम पर कतई विश्वास नहीं है, इसलिए खुद ही ईवीएम की रखवाली कर रहे हैं।
जिले में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में चुनाव हुआ था। 11 अप्रैल को मतदान होने के बाद समस्त ईवीएम को नवीन मंडी स्थल पर स्ट्रांग रूम में रखा गया। जिला प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम को रखा और अर्द्धसैनिक बलों का पहरा लगाया गया, जिससे परिंदा भी पर न मार सके।
ईवीएम की सुरक्षा को अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। इन कैमरों से भी ईवीएम की निगरानी हो रही है। इसके बावजूद रालोद कार्यकर्ता मतदान के बाद से ही स्ट्रांग रुम के पास ही डेरा डाल कर ईवीएम की पहरेदारी कर रहे है।