मेरठ में सोतीगंज के हिस्ट्रीशीटर कबाड़ी हाजी गल्ला के दो मकान और एक गोदाम पुलिस ने बुधवार को जब्त कर लिए। ढोल बजवाकर मुनादी कराई और फिर सील लगा दी है। पुलिस ने कहा कि जो भी गल्ला की संपत्ति के बारे में बताएगा, उसे इनाम दिया जाएगा। पुलिस का दावा है कि मकान और गोदाम की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये है।
बड़ी कार्रवाई: कबाड़ी हाजी गल्ला की पांच करोड़ की संपत्ति जब्त, मुनादी के बाद अफसरों ने लगाई मकान-गोदाम पर सील
नेम प्लेट से गल्ला ने नाम हटाया
गल्ला के मकान के बाहर नेम प्लेट लगी थी, जिसमें गल्ला और उसके बेटों के नाम लिखे थे। सबसे ऊपर गल्ला के पिता हाजी निजाम का नाम लिखा था। जब्तीकरण के दौरान गल्ला व उसके बेटों के नाम प्लेट से हटा दिए। सिर्फ हाजी निजाम लिखा हुआ था।
एक मकान खाली, दूसरे में बकरी बंधी थी
कार्रवाई के बारे में गल्ला के परिवार को पहले से जानकारी थी। परिवार ने सारा सामान हटा लिया था। एक मकान खाली था, जबकि दूसरे मकान में बकरियां बंधी थीं। दोनों मकान और गोदाम सील करने में सदर व लालकुर्ती पुलिस को 25 मिनट लगे। कार्रवाई के दौरान काफी भीड़ जुटी रही।
गल्ला की संपत्ति जो बताएगा, पुलिस उसे इनाम देगी
गल्ला की संपत्ति जो बताएगा, पुलिस उसे इनाम देगी। यह घोषणा पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मुनादी में कही है। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने लोगों से कहा है कि सूचना देने वाले का नाम पुलिस गोपनीय रखेगी।
150 कबाड़ियों की लिस्ट तैयार
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि सोतीगंज में चोरी के वाहन काटने वाले 150 कबाड़ियों की लिस्ट तैयार है। गल्ला के बाद इन कबाड़ियों पर शिकंजा कसा जाएगा। वहीं जीएसटी विभाग ने सोतीगंज के सभी कबाड़ियों का रजिस्ट्रेशन करने की बात कही है, जिसमें पुलिस पूरा सहयोग करेगी।
