फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

West UP Rain: मेरठ में बारिश ने तोड़ा 15 साल का रिकॉर्ड, शहर जलमग्न, आज स्कूल बंद

Fri, 10 Jul 2026 11:47 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Fri, 10 Jul 2026 11:47 AM IST
सार

मेरठ में 24 घंटे में 208 मिमी बारिश दर्ज होने के साथ जुलाई के पहले नौ दिनों में 345 मिमी वर्षा हुई। 15 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। शहर जलमग्न है, ऑरेंज अलर्ट के बीच 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

विज्ञापन
West UP Rain: Meerut Records Highest Rainfall in 15 Years, City Waterlogged, Schools Closed
बारिश में टोल पर लगा जाम - फोटो : अमर उजाला

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मेरठ में लगातार दूसरे दिन झमाझम बारिश ने नया इतिहास रच दिया। जुलाई के पहले नौ दिन में ही 345 मिमी वर्षा दर्ज होने के साथ पिछले 15 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया। गुरुवार तक पिछले 24 घंटे में कुल 208 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जुलाई की शुरुआत में इतनी अधिक बारिश पिछले डेढ़ दशक में पहली बार रिकॉर्ड की गई है।



कई स्थानों पर दृश्यता कम होने से दिल्ली-देहरादून हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। दिन में भी वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और कॉलोनियों में जलभराव से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। शहर का अधिकतम तापमान 26.1 और न्यूनतम 23.8 डिग्री रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री था।

यह भी पढ़ें: Meerut: भारी बारिश का कहर, जलमग्न सड़क पर नहीं दिखा फर्क, चालक समेत तालाब में समाई कार, युवक की तलाश जारी

West UP Rain: Meerut Records Highest Rainfall in 15 Years, City Waterlogged, Schools Closed
बारिश का कहर, मेरठ में बारिश - फोटो : अमर उजाला

अगले 24 घंटे भारी बारिश के आसार
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। अगले 24 घंटे तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।

इस दौरान कई स्थानों पर 50 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है। लगातार सक्रिय मानसूनी सिस्टम को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

पिछले 15 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो एक से नौ जुलाई तक वर्ष 2026 में सबसे अधिक 345 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में 50.7 मिमी, 2024 में 56.3 मिमी, 2023 में 91.7 मिमी, 2022 में 24.2 मिमी, 2021 में 18.6 मिमी, 2020 में 45.3 मिमी, 2019 में 28.0 मिमी, 2018 में 17.2 मिमी, 2017 में 43.2 मिमी, 2016 में 30.5 मिमी, 2015 में 68.3 मिमी, 2014 में 40.3 मिमी, 2013 में 66.3 मिमी और 2012 में 41.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।

West UP Rain: Meerut Records Highest Rainfall in 15 Years, City Waterlogged, Schools Closed
बारिश का कहर, मेरठ में बारिश - फोटो : अमर उजाला

किसानों के लिए संजीवनी बने मेघ 
बारिश किसानों के लिए राहत बनकर आई है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. आरएस सेंगर के अनुसार धान की रोपाई के लिए पर्याप्त नमी मिल गई है, जिससे रोपाई में तेजी आएगी। मक्का, बाजरा, ज्वार, उड़द, मूंग और तिल फसलों को भी लाभ मिलेगा। 

12वीं तक के सभी स्कूलों में आज रहेगा अवकाश
मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार को तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जनपद के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। कक्षा 1 से 12 तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों से संबद्ध विद्यालय शुक्रवार को बंद रहेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
West UP Rain: Meerut Records Highest Rainfall in 15 Years, City Waterlogged, Schools Closed
बारिश का कहर, मेरठ में बारिश - फोटो : अमर उजाला

बारिश ने रोक दी ट्रेनों की रफ्तार एक से दो घंटे की देरी से चल रहीं
बारिश ने ट्रेनों की रफ्तार रोक दी है। मेरठ से गुजरने वाली अधिकतर अप और डाउन पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें एक से दो घंटे देरी से चल रही हैं। रेलवे के अधिकारी भी कोई संतुष्ट जवाब नहीं दे रहे हैं। यात्रियों की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है।

गुरुवार को मेरठ छावनी स्टेशन से चलकर गंगानगर जाने वाली गंगानगर एक्सप्रेस की लेटलतीफी पर यात्री नाराज हो गए। उधर इसके अलावा अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के लेट होने पर भी यात्री बेहद नाराज हैं। यात्रियों ने गंगानगर एक्सप्रेस के स्थान पर ईएमयू की मांग प्रबल कर दी है।

गुरुवार को ऋषिकेश से दिल्ली के रास्ते पुरी जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस 18478 अपने निर्धारित समय सुबह 10:02 बजे की बजाय 4 घंटे 45 मिनट देरी से मेरठ सिटी स्टेशन पहुंची। अमृतसर से चलकर बांद्रा जाने वाली स्वर्ण मंदिर मेल ट्रेन संख्या 12904 भी मेरठ सिटी स्टेशन पर 20 मिनट लेट रही। सहारनपुर से चलकर दिल्ली जाने वाली सहारनपुर-दिल्ली मेमू ट्रेन 64558 मेरठ सिटी स्टेशन पर सुबह 6:20 बजे की बजाय लगभग एक घंटा देरी से सुबह 7:15 बजे पहुंची।

विज्ञापन
West UP Rain: Meerut Records Highest Rainfall in 15 Years, City Waterlogged, Schools Closed
बारिश का कहर, मेरठ में बारिश - फोटो : अमर उजाला

बिजलीघरों में भरा पानी... बत्ती गुल, उपभोक्ता रहे परेशान
बारिश के कारण मौसम सुहावना रहा, लेकिन बिजली ने हाल खराब रखा। शहर के कई इलाकों में बुधवार रात से बिजली नहीं रही। बारिश के कारण फाल्ट ठीक नहीं हो सके। इस कारण उपभोक्ता परेशान रहे। कई बिजलीघर माधवपुरम, उद्योगपुरम आदि में बारिश का पानी भरने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित रही। 

पटेल नगर, छतरी वाला पीर इलाके में रातभर बिजली नहीं आई। क्षेत्रीय व्यापारी अकरम कुरैशी ने बताया कि सुबह 4 बजे बिजली गई जो शाम तक नहीं आई। इस कारण व्यापार भी प्रभावित रहा। फ्रिज आदि न चलने के कारण सामान खराब हो गया। सुबह से लेकर शाम तक बार बार बिजली आती जाती रही।

यही हाल शहर के कई इलाकों का रहा। लोहियानगर, देवलोक कालोनी, दिल्ली रोड आदि इलाकों में भी पानी भरने के बाद बिजली भी गुल हो गई। कई इलाकों में तो सुबह के समय पीने का पानी तक लोगों को नहीं मिल सका, जिस कारण लोग परेशान रहे। 

कई इलाकों में नहीं रही बिजली
बारिश के कारण शास्त्रीनगर, ब्रह्मपुरी, दिल्ली रोड, मंगलपांडे नगर, पांडव नगर, लालकुर्ती समेत कई इलाकों में 2 से 3 घंटे बिजली नहीं रही।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed