उत्तर प्रदेश में धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाने का सिलसिला जारी है। पश्चिमी यूपी के दो जिलों में मस्जिदों व मंदिरों से 794 लाउडस्पीकर उतरवाए गए हैं। साथ ही पुलिस ने एक को गिरफ्तार भी किया है।
तेजी से उतर रहे लाउडस्पीकर: इन दो जिलों में धार्मिक स्थलों से उतारे गए 794 लाउडस्पीकर, एक गिरफ्तार
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर जनपद के समस्त थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के प्रबंधन के सहयोग से लाउडस्पीकर उतरवा रहे हैं। लाउडस्पीकर उतरवाए जाने को लेकर 700 से अधिक नोटिस भी भेजे गए हैं। जहां पर लाउडस्पीकर लगे रहेंगे, वहां पर मानकों को पूरा करते हुए लाउडस्पीकर आवाज रखनी होगी। नोटिस में इसके लिए भी बता दिया गया है। इसके साथ ही थाना प्रभारी व सीओ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में धर्म गुरुओं से वार्ता भी कर रहे हैं।
लाउडस्पीकर लगाने पर विश कांबोज गिरफ्तार
हिंदू योद्धा परिवार के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंदिरों पर लाउडस्पीकर लगाने के अभियान की शुरुआत की थी। अध्यक्ष चौधरी विश सिंह कांबोज ने मीडिया को बताया कि उनके संगठन का निर्णय है कि जिन मंदिरों पर किसी कारणवश लाउडस्पीकर नहीं लगे हैं, वहां लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे। वहीं, इसका पता लगते ही एसएसपी आकाश तोमर ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चिंहित करने के निर्देश दिए, जिसके बाद नगर कोतवाली पुलिस ने हिंदू योद्धा परिवार के अध्यक्ष विश कांबोज निवासी नुमाइशकैंप को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी का कहना है कि कोर्ट निर्देशों के अवेहलना के मामले में नगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई है।
देवबंद में 21 धार्मिक स्थलों से हटवाए लाउडस्पीकर
प्रशासन के आदेश पर बुधवार को तलहेड़ी पुलिस चौकी के अंतर्गत पड़ने वाले गांवों में स्थित 21 धार्मिक स्थलों से पुलिस द्वारा लाउडस्पीकर हटवाए गए हैं। तलहेड़ी पुलिस चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर मनोहरपुर से तीन, अंबोली से चार, तलहेड़ी बुजुर्ग गांव से 10, बस स्टैंड से दो और शाहपुर गांव में दो धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाए गए हैं। एसडीएम दीपक कुमार ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उक्त कार्रवाई की जा रही है।
बिजनौर में धार्मिक स्थलों से उतरवाए लाउडस्पीकर
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में धामपुर पुलिस ने 159 मस्जिदों, 106 मंदिरों और एक गुरुद्वारा का लाउडस्पीकर उतराया। कुल मिलाकर दो दिन के भीतर पुलिस ने 266 लाउडस्पीकर उतरवाए।
