UP: मुजफ्फरनगर में बड़ा हादसा, मेरठ से लौट रही कार पेड़ से टकराई, दो की मौत, छह घायल
मुजफ्फरनगर के चरथावल में मेरठ से शादी समारोह से लौट रही एक्सयूवी कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मेरठ में शादी समारोह से लौट रहे लोगों की एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: इच्छामृत्यु की अनुमति: 13 साल से कोमा में थे हरीश, सुप्रीम कोर्ट ने सुनी गुहार, मेरठ की रिपोर्ट बनी आधार
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब कार मुजफ्फरनगर से चरथावल की ओर जा रही थी। रास्ते में सीएनजी पेट्रोल पंप के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराया। कार में कुल आठ लोग सवार थे।
हादसे में विकास पुत्र बेगराज, निवासी ग्राम बहेड़ा थाना सिखेड़ा और रोहित पुत्र मेघराज, निवासी मोहल्ला कानून गोयन कस्बा चरथावल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
दुर्घटना में मोनू पुत्र नरेंद्र, अमित कुमार पुत्र चुन्नीलाल और प्रिंस पुत्र ब्रह्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी चरथावल के निवासी हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।