Saharanpur: एक्सप्रेसवे की दीवारों पर लिखते थे आपत्तिजनक बातें, दो महिलाओं समेत तीन जेल भेजे गए
सहारनपुर के बिहारीगढ़ क्षेत्र में ग्रीन एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विस्तार
सहारनपुर के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में ग्रीन एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार करीब दो सप्ताह पहले कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे की दीवार पर “यह रोड मुसलमानों के लिए नहीं है” जैसे आपत्तिजनक शब्द लिख दिए थे। इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान की।
यह भी पढ़ें: अलविदा जुमा आज: वेस्ट यूपी में बढ़ाई सुरक्षा, मस्जिदों पर पुलिस तैनात, अमन-चैन की दुआ संग ईद की तैयारी शुरू
जांच के बाद पुलिस ने सुलेखा निवासी चंद्रनगर, कोतवाली देहरादून, शारदा निवासी भूपखेड़ी मुजाहिदपुर थाना रतनपुरी जिला मुजफ्फरनगर (हाल निवासी सुभाष नगर थाना क्लेमेंट टाउन देहरादून) और जितेंद्र राघव निवासी मानव केंद्र सुभाष नगर थाना क्लेमेंट टाउन देहरादून के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की।
थाना पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके संगठन से जुड़ी महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने सनातन की रक्षा के लिए आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि उनका संगठन इस मुद्दे को दबने नहीं देगा और इस दिशा में संघर्ष जारी रखेगा।