UP Election Result: आगरा दक्षिण में भाजपा के योगेंद्र की हैट्रिक, सपा प्रत्याशी को 56 हजार से अधिक मतों से हराया
आगरा दक्षिण सीट पर भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र उपाध्याय ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने सपा के विनय अग्रवाल को हराया।

विस्तार
आगरा दक्षिण सीट पर भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र उपाध्याय ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल करके हैट्रिक बनाई। उन्होंने सपा के विनय अग्रवाल को 56,622 मतों से हराया। बसपा के रवि भारद्वाज यहां तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस समेत अन्य सात प्रत्याशी जमानत भी नहीं बचा सके।

आगरा दक्षिण सीट पर भाजपा प्रत्याशी का सीधा मुकाबला सपा से रहा। यहां दो बार के विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने प्रदेश सरकार के विकास, कानून व्यवस्था व सुशासन के साथ अपने क्षेत्र में कराए विकास कार्यों को मुद्दा बनाया। योगेंद्र को 52.39 फीसदी मत मिले जबकि सपा के विनय अग्रवाल 25.23 फीसदी वोट ही पा सके। दक्षिण सीट पर दलित और मुस्लिम वोटों की बहुलता के बाद भी बसपा के प्रत्याशी रवि भारद्वाज को 18.32 फीसदी मत मिले।
यहां बसपा सुप्रीमो की सभा भी प्रत्याशी को बढ़त नहीं दिला सकी। कांग्रेस के अनुज शर्मा बहुत जोर लगाने के बाद भी 4,867 वोट पाकर जमानत भी नहीं बचा सके। मतगणना में योगेंद्र ने पहले चरण से बढ़त बनाने का सिलसिला शुरू किया जोकि उनकी जीत की घोषणा के साथ खत्म हुआ। विपक्षी कभी भी चुनौती देने की स्थिति में नहीं आ सके।
इनकी हो गई जमानत जब्त
कांग्रेस के अनुज शर्मा, पीस पार्टी के आलमगीर, मुस्लीम ली के मोहम्मद कामिल, डेरिक स्मिथ, प्रेम सिंह, रमजानी, राशिद अली चौधरी की जमानत जब्त हो गई।
इसलिए जीते: 'मेरे काम को वोट मिला'
जीत के बाद योगेंद्र उपाध्याय बोले कि काम को वोट मिला है। जनता के बीच सतत संपर्क काम आया। जनता सिर्फ काम को ही वोट देती है। नेतृत्व का भी भरपूर सहयोग मिला। हमारे कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया। अब मेरी प्राथमिकताओं में एसएन में एम्स की सुविधा, आगरा में सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देना, आईटी हब बनाना, शिक्षा का हब बनाना है।