रविवार का लॉकडाउन खत्म: आगरा में रक्षाबंधन से सातों दिन खुलेंगे बाजार, रात में रहेगा कर्फ्यू
आगरा में कोरोना संक्रमण की स्थिति सामान्य होने पर शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने रक्षाबंधन से सातों दिन बाजार खुलने के आदेश जारी किए हैं। 22 अगस्त से रविवार से सोमवार तक सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक सभी बाजार खुलेंगे। सभी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियां अनुमन्य होंगी।
जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि अब सिर्फ रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लागू रहेगा। रात्रिकाल के प्रतिबंधित समय में आवश्यक व आकस्मिक सेवाएं जारी रहेंगी। रविवार की साप्ताहिक बंदी खत्म हो गई है। व्यापारी सुविधा अनुसार पूर्व निर्धारित दिनों में साप्ताहिक बंदी कर सकेंगे।
प्रशासन की तरफ से सोमवार से लेकर रविवार तक सभी बाजार सुबह 6 से रात 10 बजे तक खुलेंगे। रविवार को रक्षाबंधन है। उस दिन सभी तरह के बाजार व व्यावसायिक गतिविधियां अनुमन्य रहेंगी। लंबे समय से व्यापारी साप्ताहिक बंदी खत्म करने की मांग कर रहे थे। शनिवार की बंदी पहले ही खत्म हो चुकी है।
ऐसे में त्योहार पर व्यापारियों के अलावा जन सामान्य को भी सुविधा मिल गई है। प्रशासन ने बाजारों में सख्ती से कोरोना नियमों का पालन करने की लोगों से अपील की है। बिना मास्क लोगों के घर से बाहर निकलने पर प्रतिबंध है। सार्वजनिक स्थलों पर दो गज की दूरी अनिवार्य है। नियम तोड़ने पर एक हजार रुपये तक जुर्माना का प्रावधान है।
बाजार हुए गुलजार
पिछले साल जहां रक्षाबंधन का त्योहार कोरोना के डर में मना था तो इस बार बाजार गुलजार दिखाई दे रहे हैं। शाम होते ही दुकानों पर भीड़ है। राखियां खरीदती महिलाएं और बच्चियां बाजार में दिख रही हैं। ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स पर भी लोग ऑर्डर कर रहे हैं लेकिन बाजारों में उमड़ रही भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
शुक्रवार को मौसम अच्छा रहा, लोगों ने बाजार में खूब खरीददारी की। दोपहर बाद हुई बरसात से भीड़ छंट गई लेकिन देर शाम फिर बाजार गुलजार हो गया। दुकानदारों को शनिवार को बंपर सेल होने की उम्मीद है।