UP Election 2022: अखिलेश यादव पहुंचे आगरा, सपा नेताओं से पूछा- कितनी सीटें मिल रही हैं
अखिलेश यादव ने रविवार को हाथरस और सिकंदराराऊ में गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं की थीं। इसके बाद आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर आए। यहां गठबंधन के नेताओं से बात की।

विस्तार
समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव ने रविवार को खेरिया एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों से गठबंधन की सीटों का हाल पूछा। मुलाकात में पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें एक-एक सीट का फीडबैक दिया। इसके बाद अखिलेश लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

अखिलेश यादव हाथरस व सिकंदराराऊ में गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में अखिलेश सभाएं करने आए थे। लौटते वक्त वह खेरिया हवाई अड्डे आए। यहां सपा नेता दिनेश राठौर और राजपाल यादव ने उनसे मुलाकात की। अखिलेश यादव ने सीटों की स्थिति व मतदान की जानकारी ली।
सपा के नेताओं ने बताया कि जिले में चार सीटों पर सपा और दो सीटों पर रालोद कुल छह सीटों पर गठबंधन को सफलता मिल सकती है। बता दें कि आगरा जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के लिए 10 फरवरी को मतदान हो चुका है। 10 मार्च को चुनाव नतीजे आएंगे।
रविवार को यहां कीं सभाएं
सपा मुखिया ने रविवार को हाथरस, एटा, कासगंज और फिरोजाबाद में जनसभाओं को संबोधित किया। हर सभा में उनके निशाने पर भाजपा रही। कासगंज में सभा को संबोधित करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार डबल हो गया है। महंगाई डबल हुई है।
उन्होंने कहा कि अन्याय और अत्याचार डबल हुआ है। ऐसी स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश के पहले चरण के मतदान में जनता ने भाजपा का सफाया कर दिया है। रुझानों ने बाबा की गर्मी निकाल दी है। पहले चरण के मतदान के बाद बाबा व भाजपा के नेता ठंडे पड़ गए हैं।