सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Car Turns into Fireball After Hitting High-Tension Pole While Saving Cyclist in Kasganj

UP: हाईटेंशन पोल से टकराकर धधकी कार, आग की लपटों के साथ धमाकों से फैली दहशत; चालक गंभीर रूप से घायल

संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज Published by: धीरेन्द्र सिंह Updated Thu, 26 Feb 2026 02:26 PM IST
विज्ञापन
सार

साइकिल सवार को बचाने में अनियंत्रित कार हाईटेंशन लाइन के पोल से टकराकर आग का गोला बन गई। समय रहते कार से चालक को बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
 

Car Turns into Fireball After Hitting High-Tension Pole While Saving Cyclist in Kasganj
जलती हुई कार - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार

कासगंज के थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के ग्राम सिकहरा के पास सिढ़पुरा-गंजडुंडवारा मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते वह आग के गोले में तब्दील हो गई।
Trending Videos


 

हादसे में कार चालक जहीम अहमद पुत्र अकील अहमद निवासी किदवई नगर, सिढ़पुरा गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए जलती कार से चालक को बाहर निकाला और तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना गंजडुंडवारा पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायल को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा में भर्ती कराया गया।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

घायल के भाई ने बताया कि ग्रामीणों ने फोन पर हादसे की सूचना दी थी। जब वह मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने बताया कि सामने से आ रही एक लहराती साइकिल को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर हाईटेंशन लाइन के पोल से जा भिड़ी। टक्कर के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई। उन्होंने बताया कि यह कार जहीम को उसकी शादी में मिली थी और वाहन उसकी पत्नी के नाम पंजीकृत है।

परिजनों के अनुसार घटना लगभग दोपहर 12:30 बजे की है। जहीम अहमद निजी कार्य से गंजडुंडवारा गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया। सीएचसी गंजडुंडवारा के चिकित्सकों ने बताया कि घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और तेज पानी की बौछार से धधकती आग पर काबू पाया। आग लगने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसा वाहन के अनियंत्रित होकर पोल से टकराने के कारण होना प्रतीत हो रहा है। पीड़ित के परिजनों ने ग्रामीणों के साहस और तत्परता की सराहना की है, जिनकी मदद से चालक की जान बच सकी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed