Agra Election Result: खेरागढ़ सीट से भाजपा के भगवान सिंह कुशवाह जीते, सपा गठबंधन की जमानत जब्त
आगरा जिले की खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के 'फौजी' पर भाजपा के भगवान सिंह कुशवाह भारी पड़े। भगवान सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार को 36128 वोट से हराकर जीत दर्ज की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा की खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में रामनाथ सिकरवार पर भगवान सिंह भारी पड़े। एकतरफा मुकाबले में यहां भाजपा प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाह ने कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार को 36128 वोट से हराकर कमल खिलाया है। बसपा यहां तीसरे स्थान पर रही। रालोद-सपा गठबंधन सहित नौ प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।
खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में दस फरवरी को 62.49 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया था। गुरुवार को 27 राउंड में मतगणना हुई। सबसे ज्यादा 96089 वोट भाजपा प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाह को मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ को 59961 वोट प्राप्त हुए। बसपा प्रत्याशी गंगाधर कुशवाह 28915 वोट प्राप्त कर यहां तीसरे स्थान पर रहे।
सपा-रालोद गठबंधन की जमानत जब्त
रालोद-सपा गठबंधन प्रत्याशी रोतान सिंह की जमानत जब्त हो गई। उन्हें 13837 वोट मिले हैं। वैश्य, क्षत्रिय एवं कुशवाह बहुल इस सीट पर भाजपा ने यहां निवर्तमान विधायक महेश गोयल को टिकट काट कर बसपा से भाजपा में आए पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाह पर दांव लगाया था।
2017 में भाजपा के महेश गोयल जीते थे
2017 में भगवान सिंह बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। तब भाजपा के महेश गोयल से 31999 वोट से हार गए थे। 2017 में भाजपा को यहां 93510 वोट मिले थे, जबकि बसपा से लड़े भगवान सिंह को 61511 वोट प्राप्त हुए थे। 2007 और 2012 में बसपा की टिकट पर भगवान सिंह खेरागढ़ क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। विधायक के रूप में 2022 में यह तीसरा कार्यकाल होगा।चार राउंड के बाद बदला खेल
खेरागढ़ में जब वोटों की गिनती शुरू हुई तो कांग्रेस के रामनाथ ने बढ़त बनाई। पहले चरण में कांग्रेस के रामनाथ सिंह को 2201 वोट मिले, जबकि भाजपा को 2132 वोट मिले थे। दूसरे व तीसरे चरण में कांग्रेस की बढ़त रही। लेकिन चौथे चरण भाजपा मामूली अंतर से आगे हो गई।भाजपा को 10287 वोट मिले और कांग्रेस को 10066 वोट प्राप्त हुए। जिसके बाद सातवें चरण में भाजपा 3518 वोटों से आगे हो गई। ये बढ़त 14वें राउंड में 13048 और 21वें राउंड में बढ़त 28434 पहुंच गई और 27 राउंड के बाद 36128 वोट से जीत के अंतर में बदल गई।