सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Closure of Shilpgram Parking Causes Traffic Congestion Near Taj Mahal

UP: ताजमहल की शिल्पग्राम पार्किंग कर दी बंद, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की बढ़ी मुश्किलें; दिनभर रहा जाम ही जाम

अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा Published by: आगरा ब्यूरो Updated Mon, 01 Jun 2026 11:55 AM IST
विज्ञापन
सार

ताजमहल की पूर्वी गेट स्थित शिल्पग्राम पार्किंग बंद होने के बाद पर्यटकों ने सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए, जिससे पूरे क्षेत्र में जाम की स्थिति बन गई। वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था न होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Closure of Shilpgram Parking Causes Traffic Congestion Near Taj Mahal
शिल्पग्राम पार्किंग बंद होने पर सड़क के दोनों किनारे खड़े वाहनों से लगे जाम में फंसे वाहन। संवा
विज्ञापन

विस्तार

 ताजमहल की पूर्वी गेट स्थित शिल्पग्राम पार्किंग रविवार को बंद कर दी गई। इसके तीनों गेटों पर ताला लगाकर बंदी का बैनर लगा दिया गया। इससे पर्यटकों ने अपने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए। शिल्पग्राम मोड़ से अमर विलास होटल बैरियर तक जाम लग गया। दोपहिया वाहन चालकों को पूरे दिन जाम से जूझना पड़ा। इससे ताजमहल के पास ताजगंज और आसपास कॉलोनियों के 1.50 लाख से ज्यादा लोगों को परेशानी हुई।



उद्योग विभाग शिल्पग्राम की जमीन पर पीएम यूनिटी मॉल का निर्माण करा रहा है। निर्माण एक हिस्से में चालू है। इसे बंद करने के लिए 30 अप्रैल का वक्त दिया गया था लेकिन विकल्प की तलाश न होने से 31 मई तक का समय दिया गया। हालांकि वैकल्पिक पार्किंग अब भी तय नहीं हो पाई और रविवार सुबह पार्किंग के गेट पर ताला बंद कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


यहां 500 से ज्यादा वाहनों की पार्किंग होती थी। ऐसे में पर्यटकों ने सड़क पर ही वाहन खड़े कर दिए। लग्जरी लॉन्ग बॉडी बसें सड़क पर खड़ी कीं तो आवागमन ठप हो गया। ताजगंज, जालमा और इसके पास की कॉलोनियों के लोगों को निकलने के लिए जूझना पड़ा। दिन भर पर्यटक वाहनों से स्थानीय लोगों की तकरार होती रही।
विज्ञापन
Trending Videos


पश्चिमी गेट पार्किंग फुल, सड़क पर खड़े वाहन
ताजमहल की पूर्वी गेट शिल्पग्राम पार्किंग बंद करने पर वाहनों को पश्चिमी गेट स्थित अमरूद टीला पार्किंग जाने के लिए कहा गया। यहां पर पर्यटक पहुंचे तो यह पार्किंग पहले से ही फुल थी। यहां जगह न मिलने पर वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर दिया। इससे अमरूद टीला पार्किंग के गेट से श्मशान घाट चौराहे तक सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े रहे, जिससे यहां भी शाम को जाम लग गया।




साढ़े पांच किमी की बढ़ गई दूरी
शिल्पग्राम पार्किंग बंद करने से पर्यटक पश्चिमी गेट पार्किंग गए तो फतेहाबाद रोड से पुरानी मंडी होकर श्मशान घाट चौराहा और फिर अमरूद टीला पार्किंग जाना पड़ा। करीब 5.5 किमी. की दूरी जाम झेलते हुए उन्हें तय करनी पड़ी और एक घंटा ज्यादा लगा। एकाएक पश्चिमी गेट पर भीड़ बढ़ जाने से लोगों का दबाव बढ़ गया, जिससे पश्चिमी गेट पर प्रवेश के लिए कतार लग गईं। यहां 40 मिनट का समय उन्हें अतिरिक्त लगा।

उद्योग विभाग सुनने को तैयार नहीं
यूपी टूरिज्म के क्षेत्रीय अधिकारी शक्ति सिंह का कहना है कि उद्योग विभाग के निर्देश पर शिल्पग्राम पार्किंग खाली कराई गई थी, जिसके चलते उसे बंद करना पड़ा। उन्होंने बताया कि अब तक वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था नहीं हो सकी है। इससे पर्यटक परेशान हो रहे हैं, लेकिन उद्योग विभाग इस समस्या पर सुनवाई करने को तैयार नहीं है।




तीन माह में भी विकल्प नहीं
उद्योग विभाग के जॉइंट कमिश्नर अनुज कुमार का कहना है कि मार्च माह से ही पर्यटन विभाग को शिल्पग्राम परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए थे। उनका आरोप है कि तीन महीने बीतने के बाद भी पर्यटन विभाग वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया। उन्होंने कहा कि यूनिटी मॉल का निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा करना है और निर्माण स्थल खाली कराना जरूरी था। यदि बिना खाली कराए काम शुरू किया जाता तो हादसे की आशंका भी बनी रहती।

कोई कैसे निकलेगा
ताजगंज निवासी आयुष गुप्ता का कहना है कि ताजखेमा से शिल्पग्राम तक सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग कर दी गई है। इससे सड़क इतनी संकरी हो गई है कि मुश्किल से दोपहिया वाहन निकल पा रहे हैं। उनका सवाल है कि किसी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में एंबुलेंस या अन्य वाहन कैसे गुजरेंगे।

यह पूरी तरह गलत
व्यवसायी तुषार अरोड़ा ने पार्किंग बंद करने के फैसले को पूरी तरह गलत बताया। उनका कहना है कि वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना पार्किंग बंद कर दी गई। अधिकांश पर्यटक इनर रिंग रोड से पूर्वी गेट पहुंचते हैं, जबकि पश्चिमी गेट पर पर्याप्त पार्किंग स्थान नहीं है। ऐसे में वहां वाहनों का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है।


खराब छवि लेकर गए पर्यटक
गाइड रिंकू चौधरी के अनुसार, पूर्वी गेट से पश्चिमी गेट तक पहुंचने में पर्यटकों को करीब एक घंटे का समय लग रहा है। इससे पर्यटक काफी परेशान हुए और आगरा की नकारात्मक छवि लेकर लौटे। उनका कहना है कि पार्किंग संकट का असर सीधे पर्यटन और शहर की साख पर पड़ रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed