UP Election 2022: आगरा में सबसे पहले इस विधानसभा सीट का परिणाम आएगा सामने, 284 राउंड में पूरी होगी मतगणना
आगरा में 10 मार्च, 2022 को सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हो जाएगी। दिन चढ़ने के साथ ही रुझान आने शुरू हो जाएंगे। आगरा में सबसे पहले खेरागढ़ विधानसभा के नतीजे सामने आएंगे। नौ विधानसभा सीटों के 3,911 बूथों की मतगणना 284 राउंड में पूरी होगी।
विस्तार
जिले की नौ विधानसभा सीटों के लिए 10 मार्च को मतगणना होगी। सबसे पहले खेरागढ़, फिर फतेहाबाद और शाम तक बाह के नतीजे घोषित होंगे। सबसे बाद में एत्मादपुर, छावनी और आगरा ग्रामीण सीट का परिणाम आएगा। एत्मादपुर में 37 राउंड में मतगणना पूरी होगी जबकि खेरागढ़ में 27 राउंड के बाद परिणाम घोषित हो जाएगा।
पांच जगह एक साथ शुरू होगी मतगणना
पहली बार पांच जगह एक साथ मतगणना शुरू होगी। एत्मादपुर, ग्रामीण, छावनी, दक्षिण व उत्तर सीट की मतगणना शाहदरा स्थित मंडी समिति में होगी। मतगणना आठ बजे शुरू होगी। इससे एक घंटे पहले सुबह सात बजे तक मतगणना कार्मिक, प्रत्याशी व अभिकर्ताओं को पहुंचना होगा।
284 राउंड में पूरी होगी मतगणना
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि नौ सीटों के 3911 पोलिंग बूथ की मतगणना 284 राउंड में पूरी होगी। सबसे ज्यादा 37 राउंड एत्मादपुर में होंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम मशीनों के लिए 14 टेबल लगेंगी। सबसे पहले डाकमत पत्रों की गिनती होगी। ईवीएम से प्राप्त मतों की गिनती के बाद अंत में डाकमत पत्रों को प्रत्याशियों के प्राप्त मतों में जोड़ा जाएगा। 10 फरवरी को जिले में 60.66 फीसदी मतदान हुआ था। आगरा की नौ सीटों पर 107 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
विधानसभा बूथ राउंड
एत्मादपुर 509 37
छावनी 493 36
ग्रामीण 468 34
उत्तर 446 32
दक्षिण 422 31
फतेहपुरसीकरी 428 31
फतेहाबाद 384 28
बाह 384 28
खेरागढ़ 377 27
आज शाम पांच बजे तक जमा होंगे आवेदन
मतगणना अभिकर्ता पास के लिए आवेदन सोमवार शाम पांच बजे तक रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय में जमा होंगे, जिसमें आवेदक का आधार कार्ड, फोटो व निर्धारित प्रारूप में भरा जाएगा। एडीएम वित्त यशवर्धन के मुताबिक सोमवार के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं होगा। मतगणना परिसर में बिना पास के प्रवेश नहीं मिलेगा।
प्रशिक्षण नौ मार्च को
मतगणना के लिए कार्मिक चिह्नित हो गए हैं। पहले चरण के रेंडमाइजेशन में करीब 600 कार्मिक चिह्नित हुए हैं। एक विधानसभा में करीब 56 कार्मिक वोटों की गिनती करेंगे। नौ मार्च को दूसरे चरण का रेंडमाइजेशन होगा, जहां कार्मिकों को विधानसभा क्षेत्र आवंटित होंगे। 10 मार्च को मतगणना से पहले तीसरे चरण का रेंडमाइजेशन होगा। तब उन्हें टेबल नंबर बताया जाएगा।
