ADA: जेवर एयरपोर्ट के पास बसेगा नया औद्योगिक नगर, रोडमैप तैयार, 3355 एकड़ भूमि पर बनेगी टाउनशिप
बोर्ड ने शहर के आंतरिक विकास के लिए भी 100 करोड़ रुपये के बजट को हरी झंडी दी है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव रामघाट रोड से बौनेर को जोड़ने वाले ओजोन-सांगवान मार्ग का चौड़ीकरण शामिल है।
विस्तार
जिला अलीगढ़ अब वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर अपनी नई पहचान दर्ज कराने को तैयार है। एडीए की 90वीं बोर्ड बैठक में जेवर एयरपोर्ट के पास नया औद्योगिक नगर बनाने की योजना को मंजूरी दी गई साथ ही इसके लिए 12000 करोड़ के निवेश का रोडमैप तैयार किया गया।
एडीए वीसी दीपाली भार्गव ने बताया कि यह औद्योगिक टाउनशिप कुल 3355 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की सबसे बड़ी खूबी इसकी लोकेशन है। यह जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मात्र 30 किमी की दूरी पर स्थित है। इस योजना से 7,374 करोड़ रुपये की आय प्रस्तावित है, जबकि इसके विकास पर 3,940 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 100 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर दिया गया है।
दो बड़े एंकर निवेशकों ने पहले ही इस योजना में रुचि दिखाई है, जिससे लगभग 12,000 करोड़ रुपये का निजी निवेश आने और 45,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। योजना के लिए मुख्य रूप से ग्राम राजपुर में 1160, नरायणपुर में 55 और गांव सोफा में 143 हेक्टेयर जमीन ली जाएगी।
वीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत लैंड पुलिंग और आपसी सहमति से यह प्रक्रिया पूरी होगी। इसके अलावा अलीगढ़ के चारों ओर 75 किमी के दायरे में हो रहे विकास जैसे डिफेंस कॉरिडोर, पलवल एक्सप्रेस-वे और डीएफसी खुर्जा के बीच एडीए की यह योजना शहर को ग्रेटर अलीगढ़ बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इसके अलावा विकास की कई अन्य परियोजनाओं भी बैठक में मंजूरी दी गई।
सोमवार को कमिश्नरी सभागार में कमिश्नर व एडीए अध्यक्ष संगीता सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बैठक में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, एडीए सचिव दीपाली भार्गव सहित जल निगम, आवास विकास और एडीए के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
वर्तमान में यह मार्ग मिनी बाईपास के रूप में उपयोग होता है। यहां स्थित नाले को पाटकर सड़क चौड़ी करने से क्वार्सी चौराहे का ट्रैफिक लोड काफी कम हो जाएगा।-संगीता सिंह, कमिश्नर
100 करोड़ से संवरेगा शहर का बुनियादी ढांचा
बोर्ड ने शहर के आंतरिक विकास के लिए भी 100 करोड़ रुपये के बजट को हरी झंडी दी है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव रामघाट रोड से बौनेर को जोड़ने वाले ओजोन-सांगवान मार्ग का चौड़ीकरण शामिल है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 का भारी-भरकम बजट
बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए आय-व्यय का ब्योरा भी पेश किया गया। एडीए ने अपनी विभिन्न योजनाओं से 94,750 लाख रुपये और विभागीय मदों से 30,230 लाख रुपये की आय प्रस्तावित की है। वहीं, व्यय के लिए 1,217.50 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। यह बजट संकेत देता है कि एडीए अब केवल आवासीय कॉलोनियां काटने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक इंडस्ट्रियल हब के रूप में उभरेगा।
इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी
- यूपी शहरी पुनर्विकास नीति-2026: प्राधिकरण ने प्रदेश सरकार की इस नई नीति को अंगीकृत कर लिया है।
- ट्रांसपोर्ट नगर योजना की आवंटन शर्तों और विशिष्ट भूखंडों के उपयोग में आंशिक संशोधन किया, जिससे आवंटियों को राहत मिले।
- अलीगढ़ महायोजना-2031 के तहत चिन्हित दो विशेष जोन का जोनल प्लान तैयार किया जाएगा।
- कर्मचारी कल्याण के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम करने वाले कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि और नए आर्किटेक्ट्स की नियुक्ति का निर्णय लिया गया है।
- कीमतें स्थिर रखने के लिए एडीए की वर्तमान संचालित आवासीय योजनाओं की भूमि दरों को फिलहाल फ्रीज कर दिया गया है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।