महिला सिपाही की आत्महत्या या हत्या: जांच में जुटी पुलिस, पिता बोले- बेटी का गला दबाया, फिर फंदे पर लटकाया
मेरी बेटी हेमलता ने आत्महत्या नहीं की है। रस्सी से गला घोंटने के बाद उसे फंदे से लटकाकर मारा गया है। पुलिस ने घटना के बाद खींची गई जो फोटो दिखाई है, उससे इस बात की पुष्टि हो रही है। यह कहना है अलीगढ़ में फंदे पर लटकी मिली महिला सिपाही हेमलता के पिता कर्मवीर सिंह का।
विस्तार
अलीगढ़ के रोरावर थाने में तैनात महिला सिपाही हेमलता द्वारा 29 नवंबर को आत्महत्या किए जाने के बाद से पुलिस घटना का कारण जानने में जुटी है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद देर रात परिजन शव को साथ ले गए। उनकी ओर से भी लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें .... Aligarh News: महिला सिपाही ने की खुदकुशी, व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाकर फंदे पर लटककर दी जान
मूल रूप से आगरा कागारौल के गांव बैमन के किसान कर्मवीर सिंह के चार बच्चों में सबसे छोटी हेमलता (28) रोरावर थाने में आईजीआरएस पटल पर महिला सिपाही के रूप में तैनात थी। वह जीटी रोड पर बन्नादेवी क्षेत्र की जवाहर नगर कॉलोनी में एक सेवानिवृत्त दरोगा नरेंद्र सिंह के मकान में किराये पर रहती थी। 29 नवंबर दोपहर वह छुट्टी लेकर घर निकल रही थी। उस समय उसने किसी वजह से आत्महत्या कर ली। इस खबर पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद देर रात परिवार के सुपुर्द कर दिया।
यह भी पढ़ें... महिला सिपाही खुदकुशी: फोन पर बतियाते समय अचानक हुई गायब, पिता बोले-यूं ही आत्महत्या नहीं कर सकती बेटी
पुलिस ने महिला सिपाही का मोबाइल जब्त कर लिया है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। एसएचओ बन्नादेवी एसपी सिंह ने बताया कि हर पहलू पर जानकारी जुटाई जा रही है। किन कारणों से सिपाही ने ये कदम उठाया। जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी। वहीं परिवार की ओर से अभी तक न कोई शिकायत न लिखित तहरीर दी गई है।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। फंदे पर किसी और के लटकाने की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। - प्रभाकर चाैधरी, डीआईजी, अलीगढ़
मोबाइल पर स्टेटस से पुलिस को मिली थी खबर
महिला सिपाही द्वारा आत्महत्या से पहले व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाया गया था, जिसे साथियों ने देखा था। हालांकि अभी तक उस स्टेटस पर क्या लिखा था। इस बात की तस्दीक थाना पुलिस द्वारा नहीं की जा सकी। मगर साथी सिपाहियों की ओर से मिली जानकारी से पता चला है कि महिला सिपाही ने सिर्फ एक लाइन में लिखा था कि उसकी वजह से किसी को परेशानी नहीं होगी। यह देख साथी चिंतित हुईं। उन्होंने पुलिस को खबर देकर जब घर भेजा तो हेमलता का शव फंदे से लटका मिला था। एसएचओ एसपी सिंह बताते हैं कि सिपाही ने स्टेटस पर कुछ लिखा था। ये उसके मोबाइल की जांच में उजागर होगा।
बेटी का गला दबाया, फिर फंदे पर लटकाया
मेरी बेटी हेमलता ने आत्महत्या नहीं की है। रस्सी से गला घोंटने के बाद उसे फंदे से लटकाकर मारा गया है। पुलिस ने घटना के बाद खींची गई जो फोटो दिखाई है, उससे इस बात की पुष्टि हो रही है। यह कहना है अलीगढ़ में फंदे पर लटकी मिली महिला सिपाही हेमलता के पिता कर्मवीर सिंह का। वह बेटी की माैत से सदमे में हैं।
पुलिस प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का मान रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रविवार तड़के करीब 3 बजे हेमलता का शव गांव लाया गया। इसके बाद सुबह 9 बजे अंतिम संस्कार किया गया। पिता ने मुखाग्नि दी। कर्मवीर सिंह ने कहा कि बेटी कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। वह काफी होनहार थी। जिस बेटी ने कभी हार नहीं मानी, वह अपनी जिंदगी कैसे खत्म कर सकती है। उन्होंने कहा कि सोमवार को अलीगढ़ जाकर बेटी की हत्या के मामले में तहरीर देंगे।