सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Prayagraj News ›   28 fasts completed, Eid moon can be seen today, crowd of buyers gathered in the markets.

Prayagraj : 28 रोजे मुकम्मल, आज दिख सकता है ईद का चांद, बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़

अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज Published by: विनोद सिंह Updated Thu, 19 Mar 2026 05:19 PM IST
विज्ञापन
सार

रमजान के पाक महीने में अब तक 28 रोजे मुकम्मल हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को ईद का चांद दिखा तो शुक्रवार को पांचवें जुमे और ईद की नमाज अदा की जाएगी। रोजेदारों ने रमजान में जमकर इबादत व तिलावत-ए-कलाम-ए-पाक किया।

28 fasts completed, Eid moon can be seen today, crowd of buyers gathered in the markets.
रमजान पर रोशन बाग बाजार से खरीदारी करतीं मुस्लिम महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार

रमजान के पाक महीने में अब तक 28 रोजे मुकम्मल हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को ईद का चांद दिखा तो शुक्रवार को पांचवें जुमे और ईद की नमाज अदा की जाएगी। रोजेदारों ने रमजान में जमकर इबादत व तिलावत-ए-कलाम-ए-पाक किया। जरूरतमंदों की मदद कर अल्लाह से रहमत की दुआ की। वहीं, ईद की खरीदारी के लिए बाजारों में शाम से देर रात तक लोगों की भीड़ रही। लोगों ने खाने-पीने के साथ घर सजाने का सामान भी खरीदा।

Trending Videos


उम्मुल बनीन सोसाइटी के महासचिव सैय्यद मोहम्मद अस्करी के अनुसार 28वें रमजान पर करेली, दरियाबाद, रानी मंडी, शाहगंज, अकबरपुर, रसूलपुर, हटिया, बहादुरगंज, बख्शी बाजार, बरनतला, मिन्हाजपुर आदि मुस्लिम इलाकों में जहां लोगों ने रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन कर सवाब कमाने का मौका पाया, वहीं पड़ोस के घरों में इफ्तारी पहुंचाई।
विज्ञापन
विज्ञापन


बृहस्पतिवार 19 मार्च को माहे रमजान के 29वें दिन अगर चांद दिखाई दिया तो शुक्रवार को ईद मनाए जाने की संभावना है, अन्यथा तीसवीं रमजान शुक्रवार और मुकद्दस माह का अंतिम जुमा भी हो सकता है। ऐसे में एक बार फिर से जुम्मतुल विदा की नमाज अदा की जाएगी। तब शनिवार को ईद उल फितर की नमाज अदा होगी। यह इत्तेफाक भी होगा कि एक माह के रमजान में पांच जुमे पर नमाज अदा की गई।

ईदगाह सहित तमाम मस्जिदों में नमाज-ए-ईद का समय

सुन्नी समुदाय

ईदगाह सुबह नौ बजे

शाही मस्जिद मीरापुर सुबह 7:30 बजे
चौक जामा मस्जिद सुबह 8:30 बजे
मस्जिद खानकाह दायरा शाह अजमल सुबह 10:30 बजे
शाह वसी उल्लाह रोशन बाग सुबह 9:30 बजे
शाही मस्जिद बहादुरगंज सुबह 8:00 बजे
मक्का मस्जिद करेली सुबह 8:00 बजे
वसीहाबाद मस्जिद सुबह 8:00 बजे
अब्दुल्ला मस्जिद रेलवे स्टेशन सुबह 8:00 बजे
जमीर मस्जिद करेली सुबह 8:00 बजे
गौस मस्जिद साठ फीट रोड करेली सुबह 9:30 बजे
अबु बकर मस्जिद करेली सुबह 6:30 बजे
मस्जिद मजलूम शाह जानसेनगंज सुबह 7:30 बजे
मस्जिद मदीना जानसेनगंज सुबह 7:30 बजे
मस्जिद बड़ा ताजिया सुबह 7:45 बजे
शाही मस्जिद दारागंज सुबह 8:00 बजे
मस्जिद ए तलहा चकिया सुबह 7:30 बजे
मुन्ना मस्जिद करेली सुबह 9:00 बजे
शाही मस्जिद मीरापुर सुबह 7:30 बजे
मस्जिद अल फात्मा सुबह 7:20 बजे

शिया समुदाय

मस्जिद वजीर हसन करेली सुबह 8:00 बजे
चक शिया जामा मस्जिद सुबह 10:00 बजे
शिया जामा मस्जिद प्रीतमनगर सुबह 9:00 बजे
मुसल्ला ए जीशान करेलाबाग सुबह 9:00 बजे
मस्जिद बीबी खदीजा करेली सुबह 10:00 बजे
मस्जिद अमजदिया चक जीरो रोड सुबह 10:30 बजे
मस्जिद इमाम ए सज्जाद दरियाबाद सुबह 8:30 बजे
मस्जिद काजी साहब बख्शी बाजार सुबह 9:00 बजे
इबादतखाना अल खिजरा रहमतनगर सुबह 9:00 बजे
मस्जिद-ए-मोहम्मदी लेबर चौराहा करेली सुबह 8:00 बजे
मस्जिद-ए-नूर दायरा शाह अजमल सुबह 9:30 बजे
मस्जिद अरब अली खां दरियाबाद सुबह 10:00 बजे
कदम रसूल दरियाबाद सुबह 11:00 बजे
मस्जिद मौला अली दरियाबाद सुबह 10:30 बजे
मस्जिद गुद्दा खां दरियाबाद सुबह 8:45 बजे
मस्जिद इमाम रजा दरियाबाद सुबह 8:30 बजे
मस्जिद गदा हुसैन दरियाबाद सुबह 9:00 बजे
मस्जिद तहसीलदार दरियाबाद सुबह 9:30 बजे
मस्जिद चिराग अली दरियाबाद सुबह 7:30 बजे
बांध वाली मस्जिद चाचर नाला दरियाबाद सुबह 9:30 बजे
दरगाह इमाम हुसैन दरियाबाद कब्रिस्तान सुबह 10:30 बजे
सैय्यद बाड़ा मस्जिद रसूलपुर सुबह 9:15 बजे
बैतुस्सलात करेली सुबह 9:00 बजे
जमीयतुल अब्बास वीआईपी कॉलोनी करेली सुबह 9:00 बजे

नोट : मौसम के अनुसार समय में परिवर्तन हो सकता है। कृपया खुद समय से पहले मस्जिदों में पहुंच कर नमाज अदा करने के लिए जमात में जगह बना लें।



नवरात्र-ईद पर ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से होगी कड़ी निगरानी
- शहर के प्रमुख मंदिरों व आसपास रहेगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था

अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। नवरात्र और ईद के मद्देनजर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। प्रमुख मार्गों और भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया जाएगा, जबकि सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि त्योहारों के दौरान मंदिरों और नमाज स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
उन्होंने बताया कि दोनों धर्मों के धर्मगुरुओं के साथ पहले ही बैठक कर सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर ली गई है। ताकि, त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, शहर के प्रमुख मंदिर ललिता देवी, कल्याणी देवी, अलोपशंकरी और समयामाई पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।



मां कल्याणी देवी नवरात्र के पहले दिन शैलपुत्री स्वरूप में देंगी दर्शन
प्रयागराज। शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ विधि-विधान के साथ हुआ। महामंत्री श्याम जी पाठक ने सुबह पांच बजे मंगला आरती व अभिषेक पूजन कर आयोजन की शुरुआत की। मंदिर के अध्यक्ष पं. सुशील कुमार पाठक ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन मां कल्याणी देवी शैलपुत्री स्वरूप में बैल पर आरूढ़ होकर त्रिशूल व कमल धारण किए अनेक प्रकार के आभूषणों और विभिन्न प्रकार के फूलों से सुसज्जित होकर चांदी व चंदन के महल में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगी। नवरात्र में प्रतिदिन सुबह आठ से 11 और शाम चार से 6:30 बजे तक शतचंडी महायज्ञ होगा। नव संवत्सर प्रतिपदा पर शाम छह बजे से रात्रि 12 बजे तक विशेष शृंगार दर्शन होंगे। साथ ही शाम सात बजे महाआरती के बाद 19 से 27 मार्च तक 54वीं संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इसमें डॉ. अनिरुद्ध महाराज भक्तों को रात्रि 11 बजे तक कथा का अमृतपान कराएंगे। संवाद





(सभी केंद्र) विदेशों में बैठे आकाओं को 100 से ज्यादा म्यूल खाते उपलब्ध कराने की आशंका
- गैंग के मुख्य सरगना राज की गिरफ्तारी के लिए साइबर पुलिस दे रही दबिश

अमर उजाला ब्यूरो

प्रयागराज। दक्षिण पूर्व एशिया के देश थाईलैंड, लाओस और कंबोडिया के साइबर अपराधियों को म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाले विपिन मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। पता चला है कि गैंग का मुख्य सरगना राज मिश्रा है। साइबर पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस को आशंका है कि उसके पास 100 से अधिक म्यूल खाते हैं।

साइबर पुलिस ने 16 मार्च को कौंधियारा निवासी विपिन मिश्रा और राज मिश्रा पर एफआईआर दर्ज की थी। आरोपी अपने गांव समेत आसपास के कई लोगों को लालच देकर उनके खाते खुलवाते थे और फिर इन खातों की यूजर आईडी व पासवर्ड को थाईलैंड, लाओस व कंबोडिया जैसे देशों से चल रहे साइबर ठगी रैकेट को उपलब्ध कराते थे।
अब तक की जांच में कौंधियारा क्षेत्र में दो म्यूल खातों के बारे में पता चला है। ये खाते विपिन और राज ऑपरेट करते थे। दोनों ही खातों को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर चेक किया गया तो पता चला कि एक खाते से सात राज्य कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, हरियाणा आदि से करीब नौ लाख रुपये की ठगी हुई।

वहीं, दूसरे खाते को लेकर पांच शिकायतें की गई हैं, इसके जरिये 4.92 लाख रुपये की ठगी की गई है। साइबर पुलिस को आशंका है कि राज ने भोले-भाले लोगों के नाम से 100 से अधिक म्यूल खाते खुलवाकर विदेशों में बैठे आकाओं को उपलब्ध करवाए हैं।
-------------------

आरोपी का मोबाइल नंबर बंद
कौंधियारा निवासी आरोपी राज मिश्रा की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस की टीम लगातार उसके मोबाइल फोन की निगरानी कर रही है। जांच में पता चला कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी का मोबाइल नंबर बंद है। वहीं, साइबर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज की गिरफ्तारी के बाद कई और खुलासे हो सकते हैं। वहीं, आरोपी विपिन मिश्रा को जिला न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



प्रयागराज के ध्यानार्थ-- बुंदेलखंड एक्सप्रेस से लाइसेंसी बंदूक, 25 कारतूस समेत जेवर से भरा बैग चोरी
पत्नी के साथ प्रयागराज से ग्वालियर जा रहा था यात्री, बैग में थे लाखों रुपये के जेवरात, दतिया स्टेशन पहुंचने पर चला पता, छानबीन में जुटी जीआरपी
संवाद न्यूज एजेंसी

झांसी। बुधवार सुबह बुंदेलखंड एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सवार यात्री के 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक, 25 कारतूस समेत सोने-चांदी के जेवर से भरा ट्राली बैग चोरी चला गया। ट्रेन के दतिया स्टेशन पहुंचने पर यात्री को बैग गायब होने का पता चला। लाइसेंसी बंदूक एवं कारतूस चोरी होने की सूचना पर जीआरपी अफसरों में खलबली मच गई। यात्री की तहरीर पर ग्वालियर जीआरपी ने मामला दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक छानबीन में मालूम चला कि बांदा तक यात्री का बैग कोच में था। जीआरपी बांदा से झांसी एवं दतिया स्टेशन के बीच सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।

वाराणसी से ग्वालियर जाने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस (11108) के स्लीपर कोच एस-6 की सीट नंबर 33 एवं 34 पर प्रयागराज के करछना थाना के दरबारा गांव निवासी श्रीकांत पांडेय पत्नी के साथ नैनी से सवार हुए थे। उन्होंने जीआरपी को बताया कि आधी रात के बाद खाना खाने के बाद दंपती अपनी-अपनी सीट पर सो गए। ट्राली बैग उन्होंने पत्नी की सीट के पास रखा था। झांसी स्टेशन से आगे निकलने के बाद ट्रेन सुबह करीब 6:22 बजे दतिया स्टेशन पहुंचने पर श्रीकांत की नींद टूटी। पत्नी के पास रखा बैग गायब था। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। कोच के यात्री जमा हो गए। पूरे कोच में बैग की तलाश की गई लेकिन बैग का पता नहीं चला। थोड़ी देर में ट्रेन ग्वालियर जा पहुंची। श्रीकांत ने जीआरपी से शिकायत की। बंदूक एवं 25 कारतूस के चोरी होने की सूचना पर जीआरपी अफसरों के भी होश उड़ गए। तुरंत जीआरपी ट्राली बैग की तलाश में जुट गई। श्रीकांत ने जीआरपी को बताया कि बैग में बंदूक एवं कारतूस के साथ ही सोने का मंगलसूत्र, एक अंगूठी, दो जोड़ी चांदी के बिछिया एवं कपड़े रखे थे। बंदूक का लाइसेंस ग्वालियर से जारी हुआ है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है श्रीकांत की तहरीर पर ग्वालियर जीआरपी ने मामला दर्ज करके बदमाशों की तलाश की शुरू कर दी है।



:::चंदौली समेत सभी केंद्रों के ध्यानार्थ...ठीक से जांच न करने पर आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की रिपोर्ट तलब
-जनसेवा केंद्र से जुड़े महिलाओं के खातों से 19 लाख की ठगी का मामला

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जनसेवा केंद्र से जुड़े महिलाओं के खातों से 19 लाख रुपये की ठगी के मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की है। यह आदेश न्यायमूर्ति अरुण कुमार सिंह देशवाल की एकल पीठ ने अरविंद कुमार पवन की ओर से दायर जमानत अर्जी पर सुनवाई करते हुए दिया।
चंदौली के एक जनसेवा केंद्र संचालक पर आरोप है कि उसने 18 महिलाओं के खातों से 19,16,100 रुपये निकाल लिए। हालांकि, जांच में अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह रकम सीधे आरोपी के खाते में गई या नहीं।

चार फरवरी को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने जांच अधिकारी से जानकारी मांगी थी कि कितनी राशि आरोपी के खाते में ट्रांसफर हुई। क्या बैंक मैनेजर का बयान दर्ज किया गया। लेकिन, संतोषजनक जवाब न मिलने पर कोर्ट ने चंदौली के पुलिस अधीक्षक को तलब किया था। साथ ही बचाव पक्ष के अधिवक्ता को निर्देश दिया था कि वे यह जानकारी प्राप्त करें कि आरोपी पीड़ित महिलाओं की राशि लौटाने के लिए तैयार है।
24 फरवरी को एसपी ने हलफनामा दाखिल कर माना कि जांच में लापरवाही हुई है। आगे की जांच के लिए निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।

16 मार्च की सुनवाई में अपर शासकीय अधिवक्ता ने पुलिस अधिक्षक कार्यालय से प्राप्त निर्देशों को कोर्ट के समक्ष रखा। उसमें कहा गया कि प्रारंभिक जांच में दो पुलिसकर्मी लापरवाह पाए गए हैं, जिनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दलील दी कि आरोपी का पिता बीमारी है। इसके कारण आरोपी से इस संबंध में जानकारी प्राप्त नहीं कर सके कि क्या वह पीड़ितों की रकम लौटाने को तैयार है। बीमारी का हवाला देकर यह बताने के लिए और समय मांगा।
कोर्ट ने मामले को छह अप्रैल 2026 से शुरू होने वाले सप्ताह में फिर से सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का आदेश दिया। साथ ही दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। ब्यूरो





वर्क-लाइफ बैलेंस के कारण निजी नौकरी छोड़ दी तो एसडीएम पद पर 24 घंटे की जिम्मेदारी कैसे संभालेंगे
00 पीसीएस-2024 के साक्षात्कार में प्रशासनिक दृष्टिकोण, निर्णय क्षमता और व्यावहारिक समझ संबंधी किए गए सवाल

अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में चल रहे पीसीएस-2024 के साक्षात्कार में बुधवार को अभ्यर्थियों से प्रशासनिक दृष्टिकोण, सोच, निर्णय क्षमता और व्यावहारिक समझ से संबंधित सवाल पूछे गए।

एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि जब आपने वर्क-लाइफ बैलेंस के कारण निजी नौकरी छोड़ दी तो एसडीएम जैसे पद पर 24 घंटे की जिम्मेदारी और अनियमित कार्य समय को कैसे संभालेंगे। इस सवाल के जरिए उम्मीदवार की प्रतिबद्धता और मानसिक तैयारी को परखा गया।
अभ्यर्थियों से पूछा गया कि कई सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक नहीं पहुंच पाती, ऐसे में वे क्या सुधार करेंगे। साथ ही यह भी सवाल किया गया कि डिजिटल क्रांति के बावजूद भ्रष्टाचार में अपेक्षित कमी क्यों नहीं आई।

एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि प्रारंभ में संविधान में कितनी अनुसूचियां थीं। इसके अलावा डाटा लोकलाइजेशन, डाटा सुरक्षा कानून और वर्ष 2025 में जारी गाइडलाइंस से जुड़े सवाल भी पूछे गए। अभ्यर्थियों से संबंधित कानून का नाम बताने को कहा गया।
नीतिगत सोच और प्रशासनिक संवेदनशीलता की जांच
साक्षात्कार में अभ्यर्थियों की दूरदर्शिता और नीति-निर्माण की समझ को भी परखा गया। पूछा गया कि यदि वे एसडीएम बनते हैं तो मुख्यमंत्री को ऐसी कौन-सी एक सलाह देंगे जिससे उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल सके।

एक अभ्यर्थी से काल्पनिक स्थिति रखी गई कि यदि कुछ लोग अपने मालिकों द्वारा उत्पीड़न की शिकायत लेकर एसडीएम के पास आते हैं तो वे क्या कदम उठाएंगे। जिले में मानवाधिकार लागू कराने की जिम्मेदारी किसकी होती है। एसडीएम की या मानवाधिकार आयोग की।





प्रयागराज से पटना के लिए चलेगी स्पेशल, विंध्याचल में होगा ठहराव
- 19 मार्च से दो अप्रैल तक होगा इस ट्रेन का संचालन

अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। रेलवे ने विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी धाम जाने वाले देवी भक्तों को राहत दी है। चैत्र नवरात्र के मौके पर रेलवे द्वारा प्रयागराज से पटना के बीच स्पेशल ट्रेन शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसका ठहराव दोनों ओर से विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर रहेगा। 19 मार्च से दो अप्रैल तक इस ट्रेन का संचालन होगा।

प्रयागराज जंक्शन से गाड़ी संख्या 04112 की रवानगी सुबह 11:15 बजे होगी। नैनी, मेजा रोड, मांडा रोड स्टेशन पर रुकते हुए स्पेशल ट्रेन दोपहर 12:40-12:50 बजे विंध्याचल और रात 9:15 बजे पटना पहुंचेगी। इस दौरान इसका ठहराव मिर्जापुर, चुनार, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, दिलदारनगर, बक्सर, रघुनाथपुर, आरा, दानापुर में भी होगा।
पटना से गाड़ी संख्या 04111 का संचालन रात 9:50 बजे होगा जो सुबह 5:00-5:10 बजे विंध्याचल और 7:15 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंच जाएगी। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि इस ट्रेन में सभी 12 कोच जनरल श्रेणी के रहेंगे।

-----------------------------------------
लखनऊ से मिर्जापुर तक चलेगी स्पेशल ट्रेन

प्रयागराज। लखनऊ से मिर्जापुर के लिए स्पेशल ट्रेन का संचालन भी 19 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। इसका ठहराव प्रयागराज जंक्शन और विंध्याचल स्टेशन पर भी होगा। मिर्जापुर से गाड़ी संख्या 04113 का संचालन 19 मार्च से दो अप्रैल तक शाम 4:20 बजे होगा। यह ट्रेन शाम 4:33-4:38 बजे विंध्याचल, शाम 6:10-6:40 बजे प्रयागराज जंक्शन और रात 11:25 बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से गाड़ी संख्या 04114 का संचालन रात 1:00 बजे 20 मार्च से तीन अप्रैल तक होगा। ट्रेन सुबह 5:25-5:55 बजे प्रयागराज जंक्शन, सुबह 7:48-7.53 बजे विंध्याचल और 8:30 बजे मिर्जापुर पहुंचेगी। एनसीआर के सीपीआरओ ने बताया कि 12 कोच की इस मेमू ट्रेन का ठहराव मांडा रोड, मेजा रोड, नैनी, प्रयाग, कुंडा हरनामगंज, ऊंचाहार, रायबरेली, बछरावां, उतरेटिया स्टेशन पर भी दोनों ओर से रहेगा। ब्यूरो
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed