अखाड़ा परिषद : माईबाड़ा में पांच सौ नई संन्यासिनियों को दिलाई जाएगी दीक्षा, होगा पट्टाभिषेक
इन संन्यासिनियों का नेतृत्व इस बार के महाकुंभ में पंच दशनाम जूना अखाड़ा माईबाड़ा की चार मढ़ी को सौंपा जाएगा। इसमें अब तक मायामोह का परित्याग कर अखाड़े में शामिल होने वाली पांच सौ से अधिक साध्वियों को दीक्षा दिलाने वाली हिमाचल प्रदेश की पीठाधीश्वर मीरा पुरी का नाम सबसे आगे है।
विस्तार
नागा संन्यासियों के सबसे बड़े श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा माईबाड़ा की चार मढ़ी को इस बार महाकुंभ की जिम्मेदारी मिलेगी। इसके लिए अध्यक्ष पद की दौड़ में दो साध्वियों के नाम शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश की जूना अखाड़े की पीठाधीश्वर साध्वी मीरा पुरी इस दौड़ में सबसे आगे हैं। जबकि, मध्यप्रदेश की लक्ष्मी सरस्वती का भी नाम रेस में शामिल है। माईबाड़ा में इस बार के महाकुंभ में पांच सौ से अधिक साध्वियों का पट्टाभिषेक कराया जाएगा। माईबाड़ा में मौजूदा समय दो हजार से अधिक संन्यासिनियां हैं। इनमें सबसे अधिक नेपासी साध्वियों की संख्या हैं। इन संन्यासिनियों में जर्मनी, जापान, कनाड़ा और आस्ट्रेलिया की विदेशी साध्वियां भी शामिल हैं।
इन संन्यासिनियों का नेतृत्व इस बार के महाकुंभ में पंच दशनाम जूना अखाड़ा माईबाड़ा की चार मढ़ी को सौंपा जाएगा। इसमें अब तक मायामोह का परित्याग कर अखाड़े में शामिल होने वाली पांच सौ से अधिक साध्वियों को दीक्षा दिलाने वाली हिमाचल प्रदेश की पीठाधीश्वर मीरा पुरी का नाम सबसे आगे है। नेपाल के काठमांडू से यहां पहुंचीं पंचदशनम जूना अखाड़े की महामंडलेश्वर और माईबाड़ा का शीर्ष पदाधिकारी जगदगुरु हेमानंद सरस्वती ने बताया कि माईबाड़ा की चार मढ़ी को इस बाद महाकुंभ की जिम्मेदारी दी जाएगी।
23 नवंबर को स्थापित होगी धर्मध्वजा
इसके लिए कर्मठ, योग्य और सर्वमान्य साध्वियों के बीच से एक चेहरा चुना जाएगा। 23 नवबंर को जूना अखाड़े की धर्म ध्वजा स्थापित होने जा रही हैै। इस धर्म ध्वजा में देश ही नहीं दुनिया भर संन्यासिनियां यहां पहुंच रही हैं। यमुना तट स्थित मौजगिरि घाट पर बने जूना अखाड़े के संत निवास में माईबाड़ा की संन्यासिनियों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि सर्वसम्मति से माईबाड़ा की अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।
मध्य प्रदेश की पीठाधीश्वर स्वामी लक्ष्मी सरस्वती ने बताया कि इस बार उनका ही नंबर है। जूना अखाड़े के शीर्ष पदाधिकारियों की ओर से मेरे नाम का प्रस्ताव किया गया है। लेकिन, चुनाव कराने की बजाए सर्वसम्मति बनाने के पक्ष में मैं हूं।
माईबाड़ा का इस बार महाकुंभ में विस्तार किया जाएगा। इसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है। सभी 13 अखाड़ों में माईबाड़ा की ओर से साध्वियों को दीक्षा दिलाई जाएगी। - महंत लक्ष्मी सरस्वती- श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा माईबाड़ा
