फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Prayagraj News ›   Dispute over encroachment at 111-year-old Ramlila; performers—including those playing Ram and Lakshman

प्रयागराज : 111 साल पुरानी रामलीला में अतिक्रमण पर विवाद, धरने पर बैठे राम-लक्ष्मण, सीता और हनुमान

Wed, 21 Oct 2026 11:33 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज Published by: विनोद सिंह Updated Wed, 21 Oct 2026 11:33 AM IST
सार

प्रयागराज के महेवा कला में 111 साल पुरानी रामलीला की परंपरा पर रास्ते के अतिक्रमण का विवाद भारी पड़ गया। विजय दशमी के दिन राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की भूमिका निभाने वाले कलाकार धरने पर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक चले गतिरोध के कारण गांव में विजय जुलूस नहीं निकल सका। पुलिस के हस्तक्षेप और रास्ते से अतिक्रमण हटवाने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। रात में दशहरा मैदान में रावण दहन किया गया।

विज्ञापन
Dispute over encroachment at 111-year-old Ramlila; performers—including those playing Ram and Lakshman
मांडा के महेवा में अतिक्रमण के खिलाफ धरने पर बैठे राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।

विस्तार

विज्ञापन

विजय दशमी पर जहां भगवान राम की विजय के उत्सव में गांव-गांव उल्लास और उमंग का माहौल था, वहीं महेवा कला में 111 साल पुरानी रामलीला के आयोजन पर रास्ते के विवाद ने ग्रहण लगा दिया। राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की भूमिका निभाने वाले कलाकार ही धरने पर बैठ गए। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने रास्ते पर अतिक्रमण करने, डीजे बजाने से रोकने और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। करीब तीन घंटे तक चले गतिरोध के चलते गांव में विजय जुलूस नहीं निकल सका। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप और रास्ता खाली कराने का भरोसा मिलने पर कलाकारों ने धरना समाप्त किया। रात करीब साढ़े आठ बजे दशहरा मैदान में रावण दहन किया गया।


विज्ञापन


 

2011 में आदेश के बावजूद नहीं सुलझा रास्ते का विवाद

रामलीला कमेटी के प्रबंधन निदेशक आशुतोष श्रीवास्तव ने पुलिस को दी गई सामूहिक शिकायत में आरोप लगाया कि रामलीला के मुख्य मार्ग पर सेप्टिक टैंक, लोहे के एंगल, पाइप और छत का निर्माण होने से रास्ता बाधित हो गया है। उनके अनुसार, वर्ष 2011 में उपजिलाधिकारी मेजा के न्यायालय ने मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराने का आदेश दिया था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। कमेटी के पदाधिकारियों और ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार अधिकारियों से इसकी शिकायत कर चुके हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

Trending Videos

पिछले साल भी हुआ था विवाद

कमेटी की शिकायत में पिछले वर्ष रामलीला की तैयारियों के दौरान भी विवाद होने और मांडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने का उल्लेख किया गया है। मंगलवार को एक बार फिर विवाद होने पर भारतगंज चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कलाकारों और कमेटी के पदाधिकारियों का विरोध जारी रहा। वे रास्ते की समस्या का तत्काल समाधान चाहते थे।

तीन घंटे तक चला गतिरोध, आश्वासन पर खत्म हुआ धरना

स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने कमेटी को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और राजस्व विभाग के समन्वय से रास्ते से अतिक्रमण हटवाने का भरोसा दिया। अधिकारियों से वार्ता के बाद कलाकार धरना समाप्त करने पर राजी हुए। हालांकि, विरोध और बातचीत में हुई देरी के कारण गांव में विजय जुलूस निकालने का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। रात करीब साढ़े आठ बजे दशहरा मैदान में रावण दहन कर परंपरा का निर्वहन किया गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। अब सबकी निगाहें रास्ते के विवाद के समाधान और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर टिकी हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed