India Pakistan Match : चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की करारी हार, संगमनगरी हुई गुलजार
आईसीसी टी-20 विश्व कप में रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला हुआ। इसमें एक बार फिर भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाई। भारतीय टीम ने 61 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
विस्तार
आईसीसी टी-20 विश्व कप में रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला हुआ। इसमें एक बार फिर भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाई। भारतीय टीम ने 61 रन से मुकाबला अपने नाम किया। भारत की इस जीत पर संगमनगरी थिरक उठी। शहर में पटाखे फूटते रहे और हर ओर इंडिया–इंडिया के नारे गूंजते रहे।
चौक, घंटाघर, लोकनाथ, मुट्ठीगंज समेत अन्य इलाकों में लोग टीवी स्क्रीन और प्रोजेक्टर के सामने डटे रहे। इस मुकाबले को लेकर सुबह से ही युवाओं में खासा उत्साह रहा। भारत की मजबूत गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज टिक नहीं सके। जैसे ही पाकिस्तान की टीम का अंतिम विकेट गिरा, शहर के विभिन्न इलाकों में जश्न का माहौल बन गया।
भारत की जीत के बाद सिविल लाइंस, चौक, कटरा और कीडगंज क्षेत्रों में युवाओं की टोलियां सड़कों पर उतर आईं। युवाओं ने तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय और इंडिया-इंडिया के नारे लगाए। कई स्थानों पर आतिशबाजी कर जीत की खुशी मनाई गई। देर रात तक शहर के प्रमुख चौराहों पर जश्न का माहौल रहा।
कुछ स्थानों पर युवाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। वहीं, छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों ने भी सामूहिक रूप से मैच देखा और जीत के बाद खुशी मनाई।
भारत की गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। खिलाड़ियों के संयम और अनुशासन ने विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। - राकेश मिश्रा, पूर्व रणजी क्रिकेटर
भारत-पाकिस्तान के मुकाबले का रोमांच हमेशा अलग होता है। इस जीत ने पूरे शहर में खुशी का माहौल बना दिया है। भारत ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। - जाहिद अली, पूर्व रणजी क्रिकेटर
भारत की यह जीत हमेशा याद रहेगी। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा ने इस बार भले ही निराश किया, लेकिन ईशान किशन की शानदार पारी ने दिल जीत लिया। - कार्तिक यादव, रणजी क्रिकेटर
टी-20 प्रारूप में टीम इंडिया की आक्रामक रणनीति ने युवाओं को काफी प्रभावित किया है। इससे स्थानीय स्तर पर क्रिकेट के प्रति रुचि और बढ़ेगी। आज के मैच ने दिल जीत लिया। - ध्रुव प्रताप सिंह, पूर्व रणजी क्रिकेटर