तीन सौ के पार हुआ कोरोना मरीजों का आंकड़ा, नौ और संक्रमित मिले
- एसआरएन की वार्ड आया और पुलिस का जवान मिले पॉजिटिव
- जिले में 305 हुई महामारी की चपेट में आने वालों की संख्या
प्रयागराज। कोरोना संक्रमण जिले के लिए बड़ी आफत बनता जा रहा है। मंगलवार को नौ नए मामलों के साथ आंकड़ा 305 पहुंच गया है। इसमें से एक मामला एसआरएन के गॉयनी विभाग के लेबररूम में काम करने वाली वार्ड आया का है, जबकि एक पुलिस का जवान है। सीएमओ के मुताबिक पॉजिटिव आने वाले नौ मामलों में दो मालवीय नगर, दो फाफामऊ के चकिया बहमलपुर, दो मुट्ठीगंज, एक मीरगंज, एक सोरांव और एक पुलिस लाइंस स्थित न्यू बैरक पॉवर लाइन का है।
एसआरएन में पॉजिटिव आने वाली 35 वर्षीय वार्ड आया मुट्टीगंज के अहियापुर की है। उसके पति की तबीयत तीन-चार दिन से खराब चल रही है। बुखार के साथ खांसी आ रही है। पति ठेलिया लगाता है। आया ने बताया कि पति के बाद उसकी भी तबीयत खराब हुई और उसकी जांच पॉजिटिव आ गई। उसे एसआरएन में ही भर्ती कराया गया है। पुलिस लाइंस का पॉजिटिव आने वाला 25 वर्षीय जवान न्यू बैरक पॉवर लाइन में रहता है। वहां पहले भी तीन जवान पॉजिटिव आ चुके हैं। उसे बुखार, खांसी की शिकायत थी। हालांकि उसके सोर्स का पता नहीं चला है।
फाफामऊ के चकिया बहमलपुर के पॉजिटिव आने वाले दो लोग पिता-पुत्री हैं। पिता 55 साल और पुत्री की आयु 19 वर्ष की है। मालवीय नगर की 70 वर्षीय महिला और दूसरा 57 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। सोरांव के लीलाधर इलाके का एक व्यक्ति लखनऊ के मेदांता में भर्ती है, जबकि मुट्ठीगंज का युवक नोएडा में उपचार करा रहा है। मीरागंज की एक 25 वर्षीय युवती भी पॉजिटिव आई है। वह उपचार कराने के लिए निजी अस्पताल में भर्ती होने जा रही थी। उसके पहले उसने जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। कोरोना के नए मामले मिलने से सात नए हॉटस्पॉट भी बढ़ गए हैं। कोरोना के नोडल इंचार्ज डॉ ऋषि सहाय ने बताया कि सभी मरीजों को उनके जरूरत के मुताबिक एल-1 या एल-3 हॉस्पिटल में भर्ती कराया जा रहा है।