Prayagraj : बीटीएस खंगालने व 100 लोगों से पूछताछ के बावजूद पूर्व सैनिक की हत्या का केस अनसुलझा
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कटहुला गौसपुर में पूर्व सैनिक अमर सिंह (60) की हत्या का मामला पुलिस के ठंडे बस्ते में चला गया है। हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
विस्तार
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कटहुला गौसपुर में पूर्व सैनिक अमर सिंह (60) की हत्या का मामला पुलिस के ठंडे बस्ते में चला गया है। हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है। वहीं, बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) को खंगालने पर दर्जनों मोबाइल फोन घटनास्थल के आसपास सक्रिय मिले, लेकिन एक भी नंबर ऐसा नहीं था, जिससे हत्यारोपियों की पहचान हो सके।
घटना के बाद से पुलिस की चार टीमें लगातार केस को सुलझाने में जुटी रहीं। इसके बावजूद मामला अब तक अनसुलझा है। पुलिस का दावा है कि गुत्थी को सुलझाने के लिए एक टीम लगातार काम कर रही है। नए तथ्य सामने आने पर परिजनों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मूलरूप से कौशाम्बी के अमीना का पुरवा, पश्चिमशरीरा निवासी अमर सिंह सेना से नायक पद से सेवानिवृत्त थे।
27 सितंबर की सुबह वह एयरपोर्ट क्षेत्र में अपने निर्माणाधीन मकान पर जाने के लिए घर से निकले थे, जहां उनकी हत्या कर दी गई। उनके सिर के पिछले हिस्से में चोट के तीन निशान मिले थे। साथ ही मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त था।
कॉल डिटेल से भी नहीं मिला सुराग
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने अमर सिंह के क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन को भी खंगाला। नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकलवाया गया, लेकिन पुलिस को ऐसा कोई सुराग नहीं मिला जिससे पता चल सके कि हत्या में कौन शामिल था। वहीं, एयरपोर्ट थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि घटना के बाद से कई पहलुओं पर जांच की गई। परिजनों के भी कई बार बयान लिए गए, लेकिन अब तक ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे हत्यारोपियों तक पहुंचा जा सके।
अब तक इन पहलुओं पर हुई जांच
- आसपास के रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई।
- लूटपाट व नशे को लेकर भी जांच की गई।
- कॉल डिटेल रिकॉर्ड से भी सबूत जुटाए गए।
- पुरानी रंजिश या आपसी विवाद भी खंगाला गया।
- कई जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया।
- सीडीआर में मिले नंबरों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई।