Prayagraj : कोल्ड स्टोरेज मामले में जिला उद्यान अधिकारी पर गिरेगी गाज, मंत्री ने निलंबित करने का दिया निर्देश
फाफामऊ स्थित चंदापुर गांव में हुए कोल्ड स्टोरेज हादसे के मामले में अब प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। प्रदेश के खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
फाफामऊ स्थित चंदापुर गांव में हुए कोल्ड स्टोरेज हादसे के मामले में अब प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। प्रदेश के खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद से ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और अन्य संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
उधर, पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मालिक पूर्व मंत्री और सपा नेता अंसार अहमद को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व मंत्री के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोल्ड स्टोरेज धराशायी होने से चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जन भर से अधिक लोगों की हालत नाजुक बनी है। जिनका उपचार एसआरएन अस्पताल में चल रहा है।
प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र के चांदपुर गांव में सोमवार को कोल्ड स्टोर हादसे के बाद अजीब स्थिति देखने को मिली। जैसे ही मलबा हटाया गया, आसपास के लोग आलू के बोरों पर टूट पड़े। मौके पर अफरा-तफरी के बीच कुछ लोग बोरे उठाकर ले जाते दिखे। हैरानी की बात यह रही कि एक सरकारी गाड़ी भी आलू के बोरे लादते हुए नजर आई। जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मलबा हटने के बाद भी हलचल जारी, राहत-बचाव के साथ आलू लूट पर सख्ती
फाफामऊ के चंदापुर गांव स्थित कोल्ड स्टोर हादसे के दूसरे दिन मंगलवार को भी मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की टीमों ने रातभर मलबा हटाने का काम किया, जबकि सुबह होते ही एक बार फिर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि आज पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, जिससे स्थिति पहले के मुकाबले नियंत्रित दिख रही है।
सुबह का मंजर: मशीनें चल रहीं, नजरें मलबे पर
सुबह से जेसीबी और अन्य मशीनों के जरिए मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है। प्रशासन का दावा है कि अंदर फंसे लोगों की तलाश लगभग पूरी कर ली गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर हिस्से की जांच की जा रही है।
भीड़ पर नियंत्रण, ‘लूट’ रोकने को सख्ती
सोमवार को मलबा हटने के बाद आलू के बोरों की मची लूट की तस्वीरें सामने आने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। आज मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बिना अनुमति किसी को भी कोल्ड स्टोर परिसर में जाने नहीं दिया जा रहा।
पीड़ित परिवारों में बेचैनी, मुआवजे की मांग तेज
हादसे में प्रभावित परिवारों के लोग अब भी मौके के आसपास डटे हुए हैं। कई परिजन अपने लापता सदस्यों की जानकारी के लिए अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। वहीं, मुआवजे और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है।
प्रशासन का दावा: जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
मंगलवार को मौके पर पहुंची मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने हादसे के कारणों की बारीकियों की जांच की बात कही है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण और सुरक्षा मानकों में लापरवाही की बात सामने आ रही है। दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।