Prayagraj Weather : हीटवेव से बचाता है सौंफ और सत्तू का शरबत, बाजार की कोल्डड्रिंक्स पीने से बचें
गर्मी के दिनों में खुद को हाइड्रेट रखना, लू से बचना और सुस्ती को दूर भगाना जरूरी होता है। ऐसे में लोग अक्सर कोल्डड्रिंक्स और बाजार में मिलने वाले अन्य शीतल पेय पदार्थों का सेवन करते हैं, जो कि शरीर के लिए काफी हानिकारक होता है।
विस्तार
1- ऐसे बनाएं सौंफ का शरबत
100 ग्राम सौंफ, 30-40 ग्राम मिश्री, 10 ग्राम इलायची, पांच ग्राम काली मिर्च को मिक्सर ग्राइंडर में पीस लें और फिर छान लें। इसके बाद तीन महीने तक एयरटाइट कंटेनर में रख सकते हैं। वहीं, तैयार पाउडर के 2-3 छोटे चम्मच और काला नमक एक गिलास पानी में डालें और कुछ बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं। इसमें अधिक ताजगी और स्वाद बढ़ाने के लिए तुलसी के बीज भी डाल सकते हैं। ये हैं लाभ : इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है। इसे पीने से पेट की समस्या नहीं होती है। खासतौर से कब्ज व एसिडिटी के मरीजों को काफी लाभ मिलता है।
2- ऐसे बनाएं सत्तू का शरबत
30 ग्राम कच्चे भुने हुए चनों (छिलका हटा दें) का पाउडर बना लें। वहीं, पीने के लिए 2-3 छोटे चम्मच चने का पाउडर या सत्तू पाउडर एक गिलास ठंडे पानी में मिलाएं। इसके अलावा बारीक कटा हुआ प्याज, कुछ पुदीने के पत्ते, सफेद नमक और काला नमक डालें। कुछ बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं। ये हैं लाभ : सत्तू (विशेषकर भुने चने का) प्रोटीन, फाइबर, आयरन और मैग्नीशियम से भरपूर एक पौष्टिक सुपरफूड है। यह गर्मियों में शरीर को ठंडक देने, डिहाइड्रेशन से बचाने, पाचन सुधारने, वजन घटाने और तत्काल ऊर्जा प्रदान करने में बहुत फायदेमंद है। इसे सुबह खाली पेट पीना सबसे अच्छा माना जाता है।
3- कैसे बनाएं गोंद कतीरा का शरबत
गोंद कतीरा का शरबत बनाने के लिए 1-2 छोटे चम्मच गोंद कतीरे को छह-आठ घंटे या रात भर के लिए एक कप पानी में भिगो दें। जब यह फूलकर जेली जैसा हो जाए तो एक गिलास में 2-3 चम्मच भीगा हुआ गोंद कतीरा, स्वाद अनुसार चीनी/शहद, नींबू का रस, काला नमक, पुदीना के पत्ते और ठंडा पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। बर्फ के साथ सर्व करें। ये हैं लाभ : गोंद कतीरा का शरबत गर्मियों में शरीर को ठंडक देने, पाचन में सुधार करने, कब्ज से राहत दिलाने और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए एक बेहतरीन प्राकृतिक पेय है। यह इम्यूनिटी बढ़ाता है, त्वचा को हाइड्रेट करता है और लू-थकान से राहत दिलाता है। यह वजन प्रबंधन में भी सहायक है।
