UPPCL News : स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को मिलेगी दो फीसदी तक की छूट, विस्तृत दिशा निर्देश जारी
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं के विद्युत संयोजन को पोस्टपेड से प्रीपेड में परिवर्तित किया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं के विद्युत संयोजन को पोस्टपेड से प्रीपेड में परिवर्तित किया गया है, उनकी जमा सुरक्षा धनराशि (सिक्योरिटी) का समायोजन अंतिम बिल में किया जाएगा।
निर्देशों के अनुसार, स्मार्ट प्रीपेड मीटर के उपभोक्ताओं को निर्धारित विद्युत टैरिफ पर दो प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं, यदि प्रीपेड खाते में नकारात्मक बैलेंस हो जाता है और एक माह में भुगतान नहीं किया जाता, तो बकाया पर दो प्रतिशत प्रतिमाह (24 प्रतिशत वार्षिक) की दर से विलंब अधिभार लगाया जाएगा।
पोस्टपेड से प्रीपेड में परिवर्तन की तिथि तक की अवधि का अंतिम बिल उपभोक्ता को जमा करना होगा। यदि किसी उपभोक्ता की सुरक्षा धनराशि शेष रहती है, तो उसे समायोजित कर शेष राशि उपभोक्ता के खाते में जोड़ी जाएगी। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी उपभोक्ता की सिक्योरिटी 700 रुपये है और अंतिम बिल 2000 रुपये बनता है, तो सुरक्षा राशि समायोजित कर शेष धनराशि का भुगतान करना होगा।
प्रीपेड स्मार्ट मीटर मानक के अनुरूप
मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर पूरी तरह मानक के अनुरूप हैं। मीटर तेज चलने की शिकायतें निराधार हैं। स्मार्ट एप से उपभोक्ताओं को खपत, बिल और बैलेंस की पूरी जानकारी मिलती है। निगम ने बताया कि बकाया समायोजन के लिए श्रेणीवार व्यवस्था भी तय की गई है। घरेलू के अलावा अन्य समस्त श्रेणी के उपभोक्ताओं के बकाया को प्रत्येक रिचार्ज पर निर्धारित प्रतिशत के अनुसार समायोजित किया जाएगा, प्रत्येक रिचार्ज पर 25 प्रतिशत राशि बकाया मद में समायोजित होगी।
प्रीपेड व्यवस्था में उपभोक्ता को पहले रिचार्ज कर बिजली का उपयोग करना होगा। रिचार्ज मोबाइल एप, निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.uppcl.org तथा डिजिटल भुगतान माध्यमों जैसे पेटीएम, गूगल पे आदि से किया जा सकता है। रिचार्ज की जानकारी और शेष बैलेंस का विवरण एसएमएस व मोबाइल एप के माध्यम से उपलब्ध रहेगा।
उपभोक्ताओं को प्रीपेड बैलेंस की जानकारी एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। बैलेंस कम होने पर अलर्ट संदेश भेजा जाएगा और शून्य होने से पहले तीन बार सूचना दी जाएगी। मीटर रीडिंग की जानकारी भी उपभोक्ता मोबाइल ऐप और वेबसाइट पर देख सकेंगे। निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि सुबह छह से आठ बजे के बीच, ग्रेस पीरियड के दौरान, इमरजेंसी क्रेडिट अवधि में तथा सार्वजनिक अवकाश एवं रविवार को प्रीपेड कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। मीटर परिवर्तन के बाद प्रारंभिक 30 दिनों तक विशेष सुविधा भी दी जाएगी।
