आजमगढ़। पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध आपूर्ति को लेकर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पदाधिकारियों संग पंप संचालकों की बैठक हुई। इसमें पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल की विधिवत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। कहा कि पेट्रोल पंप पर वाहन के साथ आने वाले उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार पेट्रोल व डीजल की बिक्री की जाएगी। किसी भी स्थिति में जमाखोरी व अवैध भंडारण के उद्देश्य से खरीद करने वाले व्यक्तियों को पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति न की जाए। निर्देश दिया कि पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल उपलब्ध होने के बावजूद ‘स्टॉक उपलब्ध नहीं है’ संबंधी कोई भी भ्रामक या अनावश्यक डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित न करें। पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को सदैव क्रियाशील रखे, जिससे आपूर्ति व बिक्री व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले में मांग के सापेक्ष पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। बैठक में प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार सिंह, प्रभारी पेट्रोलियम पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदर्शन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित रूप से आपूर्ति जारी है। लोग अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। आवश्यकता से अधिक पेट्रोलियम पदार्थों की खरीद से बचें। कोई व्यक्ति व फर्म पेट्रोल या डीजल की जमाखोरी व अवैध भंडारण करता पाया गया तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। संजीव ओझा, सीआरओ।