UP: आजमगढ़ में दो बदमाशों का हाफ एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे थे, गिरफ्तार; एक साथी फरार
Encounter in Azamgarh: आजमगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ में अन्तरजनपदीय दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे थे। टीम ने साहस दिखाते हुए दोनों को अरेस्ट कर लिया। इस बीच, अंधेरे का फायदा उठाकर एक साथी भाग निकला।
विस्तार
UP Azamgarh News: आजमगढ़ के कंधरापुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और अन्तरजनपदीय शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, लूटी गई सोने की चैन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि 26 मार्च 2026 को भंवरनाथ मंदिर से लौट रही एक महिला के गले से बिजौरा कॉलोनी के पास बदमाशों ने सोने की चैन छीन ली थी। इस मामले में कंधरापुर थाना पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस ने की कार्रवाई
विवेचना के दौरान पता चला कि घटना में शामिल बदमाश अन्तरजनपदीय गिरोह के सदस्य हैं, जो आजमगढ़, गाजीपुर व आसपास के जिलों में चोरी, लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। 30 मार्च की देर रात कंधरापुर पुलिस संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि बदमाश मोटरसाइकिल से किशुनदासपुर से कम्हेनपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने चन्द्रमा ऋषि आश्रम के पास पुलिया के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल से आ रहे संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलकर गड्ढे में गिर गई।
आपराधिक इतिहास है बदमाशों का
खुद को घिरता देख बदमाशों ने झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम साहनी उर्फ अनुराग और राज निषाद निवासी राहुल नगर मड्या के रूप में हुई है, जबकि उनका साथी छोटू सिंह निवासी गाजीपुर भाग निकला है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 26 मार्च को भंवरनाथ क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनी थी और वे फिर से किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता से पकड़े गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।