आजमगढ़। बिलरियागंज के कासिमगंज कस्बे में दो पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पीड़ित पक्ष की तहरीर पर 12 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में कई लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि रविवार की रात करीब 8:30 बजे इंतेखाब आलम, शादाब आलम, जावेद, मोहम्मद कैफ और नूर आलम दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में दूसरे पक्ष के दस लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में प्रथम पक्ष के कई लोग घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष के जियाउर रहमान सहित दो अन्य लोगों को भी चोटें आईं हैं। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी बिलरियागंज पहुंचाया। जहां गंभीर रूप से घायल नूर आलम और शादाब को जिला अस्पताल के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। घायल मोहम्मद कैफ ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत हमला किया। मामले में पीड़ित इंतेखाब आलम की तहरीर पर जियाउद्दीन, अलाउद्दीन, सलाउद्दीन, अब्दुरहमान, हमजा, कुतैवा, जौहैव, साहिल, सलीम, सदरे आलम, गुड्डू और कुवैव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अलाउद्दीन, अब्दुरहमान, हमजा, कुतैवा और कुवैव को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।