UP: वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में प्रेमिका ने लगाया फंदा, परिजनों ने घर ले जाने से इंकार किया था; पहुंची पुलिस
Azamgarh News: आजमगढ़ में प्रेमी के साथ घर छोड़कर गई युवती को पुलिस ने बरामद कर काउंसिलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर भेजा था। परिजनों ने उसे घर ले जाने से इंकार कर दिया। मानसिक तनाव में युवती ने सोमवार रात सेंटर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ जनपद में एक युवती ने वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सेंटर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। बरामद होने के बाद परिजनों द्वारा उसे अपने साथ ले जाने से इंकार किए जाने के कारण वह मानसिक रूप से आहत थी।
पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ जिले के एक थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले दोनों घर से बिना बताए चले गए थे। युवती के परिजनों ने इसकी शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की और उन्हें बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद पुलिस दोनों को थाने लेकर आई, जहां उनकी काउंसिलिंग कराई गई। इस दौरान पुलिस ने युवती के परिजनों से उसे अपने साथ ले जाने की बात कही, लेकिन परिजनों ने उसे घर ले जाने से साफ इंकार कर दिया। ऐसी स्थिति में पुलिस ने नियमानुसार युवक और युवती को अस्थायी रूप से वन स्टॉप सेंटर भेज दिया, ताकि उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि परिजनों के इस व्यवहार से युवती काफी परेशान और मानसिक तनाव में थी। सोमवार की रात उसने वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर सेंटर के कर्मचारियों को संदेह हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो युवती फंदे से लटकी मिली। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।